​भागलपुर। जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। शुक्रवार को आत्मा बाजार स्थित एक कपड़े की दुकान में खरीदारी कर रहे एक सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी से उचक्कों ने बड़ी चालाकी से 20 हजार रुपये उड़ा लिए। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

​बैंक से ही पीछे लगे थे अपराधी

​पीड़ित की पहचान महेशी पैन निवासी श्याम रजक के रूप में हुई है। सेवानिवृत्त रेलकर्मी श्याम रजक ने शुक्रवार को एसबीआई की सुल्तानगंज शाखा से 20 हजार रुपये निकाले थे। आशंका जताई जा रही है कि अपराधी बैंक से ही उनका पीछा कर रहे थे। बैंक से निकलने के बाद वे ‘जीवन वस्त्रालय’ नामक दुकान पर धोती-कुर्ता खरीदने पहुंचे थे।

​ग्राहक बनकर आए

​दुकान के अंदर का नजारा चौंकाने वाला था। दो उचक्के ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए। एक बदमाश खड़ा होकर कपड़ा देखने का नाटक करता रहा, जबकि दूसरा बुजुर्ग के पास ही बैठ गया। जैसे ही श्याम रजक खरीदारी में व्यस्त हुए, मौका पाकर शातिर ने उनकी जेब से रुपयों का बंडल निकाल लिया और दोनों तेजी से फरार हो गए।

​पुलिस कर रही सीसीटीवी की जांच

​पैसे गायब होने का अहसास होते ही बुजुर्ग ने शोर मचाया और बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे भीड़ का फायदा उठाकर निकल चुके थे। सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।