पटना। जोधपुर से कामाख्या जा रही ट्रेन संख्या 15623 (भगत की कोठी एक्सप्रेस) में हुई चोरी की गुत्थी को रेल पुलिस ने सुलझा लिया है। तकनीकी जांच की मदद से पुलिस ने खुसरूपुर थाना क्षेत्र के बांस तल इलाके में छापेमारी कर दो किशोरों को हिरासत में लिया है। इनके पास से चोरी का एक मोबाइल और 820 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
नींद में डूबे यात्रियों को बनाया था निशाना
यह वारदात 8 जनवरी की है, जब ट्रेन पटना स्टेशन से रवाना हुई थी। शातिर चोरों ने ट्रेन के B-1, B-6 और A-2 कोच में घुसकर सो रहे यात्रियों के पर्स, जेवरात और मोबाइल पार कर दिए। वारदात के बाद चोरों ने फतुहा और खुसरूपुर के बीच हरदास बिगहा स्टेशन के पास चेन पुलिंग की और अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते फरार हो गए।
सिम कार्ड डालते ही पुलिस के जाल में फंसे
घटना की प्राथमिकी कटिहार रेल थाने में दर्ज की गई थी, जिसे बाद में फतुहा जीआरपी को ट्रांसफर किया गया। काफी समय तक सुराग न मिलने के बाद, मामले में मोड़ तब आया जब आरोपियों ने चोरी के मोबाइल में अपना सिम कार्ड डालकर उसे ऑन किया। सिग्नल मिलते ही पुलिस ने लोकेशन ट्रैक की और आरपीएफ की मदद से आरोपियों को धर दबोचा।
तीसरे साथी की तलाश जारी
रेल डीएसपी भास्कर रंजन ने बताया कि आरोपी पटना स्टेशन से ही ट्रेन में सवार हुए थे। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के तीसरे सदस्य की गिरफ्तारी और बाकी बचे जेवरात की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


