मनेंद्र पटेल, दुर्ग। भिलाई के सेक्टर-8 में बीती रात एक सिरफिरे युवक ने आतंक मचाया। आरोपी युवक दीवार फांदकर एक घर में घुसा और खाना खा रहे परिवार पर धारदार रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में घर के मुखिया, उनकी डॉक्टर और सॉफ्टवेयर इंजीनियर दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, बचाव के दौरान आरोपी ने मां का हाथ फ्रैक्चर कर दिया, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए युवक से हथियार छीन लिया। हमले की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है। घटना ने पूरे मोहल्ले में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस हमले के कारणों की जांच कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक ने अचानक इस घातक घटना को अंजाम क्यों दिया। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में इस तरह की हिंसा पहले नहीं हुई है और वे चाहते हैं कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति को सजा दिलाई जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


