भोजपुर। जिले के संदेश थाना क्षेत्र अंतर्गत रेपुरा गांव में सोमवार की रात मामूली विवाद ने भयावह मोड़ ले लिया। शौच के दौरान एक किशोरी पर ईंट फेंकने के विरोध में शुरू हुआ झगड़ा इस कदर बढ़ा कि दूसरे पक्ष ने घर में घुसकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक वारदात में 35 वर्षीय किसान पंचम यादव की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और भाई समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

​शौच के दौरान ईंट फेंकने से शुरू हुआ विवाद

​परिजनों के अनुसार, विवाद की जड़ गांव के पास स्थित वन विभाग का बांध है। मृतक की भतीजी पिंकी कुमारी (17) जब भी वहां शौच के लिए जाती थी, पड़ोसी लालदास राम उस पर ईंटें फेंकता था। सोमवार सुबह जब पिंकी ने इसकी शिकायत अपने परिजनों से की, तो परिवार ने सामाजिक स्तर पर मामले को सुलझाने की कोशिश की। गांव में इस मुद्दे को लेकर पंचायत भी बुलाई गई थी।

​पंचायत के बाद घात लगाकर हमला

​मृतक के परिजन मनीष यादव ने बताया कि पंचायत के बाद उन्हें लगा कि मामला शांत हो गया है और सभी सदस्य अपने दैनिक कार्यों में लग गए। लेकिन लालदास राम अपने परिवार और अन्य सहयोगियों के साथ हथियारों से लैस होकर पंचम यादव के घर में घुस आया। हमलावरों ने परिवार के सदस्यों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस हमले में पंचम यादव, उनकी पत्नी सरिता देवी (30), बड़े भाई गुड्डू यादव (38) और भतीजी पिंकी कुमारी लहूलुहान हो गए।

​अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

​सभी घायलों को तत्काल संदेश प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही पंचम यादव ने दम तोड़ दिया। पेशे से किसान पंचम अपने पीछे दो पुत्र (अंकित, अनीश) और एक पुत्री (निधि) को छोड़ गए हैं।

​गांव में दहशत, न्याय की गुहार

​इस हत्या के बाद पूरे रेपुरा गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने स्थानीय प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।