भोजपुर। जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां खुशियों वाले घर में अचानक चीख-पुकार मच गई। कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के घांघर गांव के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने 9 वर्षीय बालक को कुचल दिया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब मासूम अपना जन्मदिन मनाने के लिए केक लाने बाजार जा रहा था।

​केक लाने की जिद और आखिरी सफर

​मृतक की पहचान इंग्लिश गांव निवासी सुजीत कुमार सिंह के पुत्र प्रतीक कुमार (9) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आज प्रतीक का जन्मदिन था और घर में उत्सव का माहौल था। प्रतीक काफी उत्साहित था और केक लाने के लिए सरैया बाजार जाने की जिद कर रहा था। जैसे ही वह घांघर गांव के पास सड़क पार करने लगा, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

​अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

​हादसे के तुरंत बाद परिजन घायल प्रतीक को लेकर निजी अस्पताल भागे, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रतीक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी मौत की खबर मिलते ही मां नेहा देवी और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है।

चालक पुलिस की गिरफ्त में

हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर ने भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। बाद में गुस्साए लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।