कुंदन कुमार/ पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र में शराबबंदी कानून को लेकर तीखी बहस छिड़ी हुई है। दिलचस्प बात यह है कि अब केवल विपक्ष ही नहीं, बल्कि सत्ता पक्ष के कई विधायक भी इस कानून की समीक्षा की मांग करने लगे हैं। विपक्ष इस स्थिति को सरकार की विफलता बताते हुए लगातार तंज कस रहा है।

​राजद विधायक का तीखा हमला

​सदन की कार्यवाही के दौरान राजद विधायक गौतम कृष्ण ने शराबबंदी की तुलना ‘भूत-प्रेत’ से करते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, बिहार में शराबबंदी बिल्कुल भूत की तरह है यह किसी को दिखाई तो नहीं देती, लेकिन राज्य में हर जगह आसानी से उपलब्ध है। विधायक ने आरोप लगाया कि जहरीली शराब से लगातार हो रही मौतें इस बात का प्रमाण हैं कि धरातल पर कानून पूरी तरह फेल हो चुका है।

​सत्ता के संरक्षण और तस्करी पर सवाल

​विधायक ने आगे सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर किसके संरक्षण में शराब तस्कर इतने सक्रिय हैं? उन्होंने कहा कि धड़ल्ले से हो रही बिक्री और माफियाओं के बढ़ते दुस्साहस पर सरकार के पास कोई ठोस जवाब नहीं है। गौतम कृष्ण ने जोर देकर कहा कि सरकार को अपनी जिद छोड़कर इस नीति पर गंभीरता से पुनर्विचार करने की जरूरत है, ताकि निर्दोष लोगों की जान बचाई जा सके।