कुंदन कुमार/ पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र का समापन आज हंगामेदार रहा। राजद एमएलसी सुनील सिंह की एक विवादित चुनौती और उस पर लोजपा (रामविलास) के विधायक राजू तिवारी के तीखे पलटवार ने सियासी पारे को गरमा दिया है। दो दिन पहले राजद विधान पार्षद सुनील सिंह ने सदन के प्रांगण में शराब की डिलीवरी कराने का दावा कर सनसनी फैला दी थी। इस पर पलटवार करते हुए लोजपा (आर) विधायक राजू तिवारी ने कड़े लहजे में कहा कि जो भी सदन परिसर में शराब लाने या मंगवाने की जुर्रत करेगा, उसका अगला ठिकाना बेऊर जेल होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून सबके लिए बराबर है और लाने वाले के साथ-साथ मंगवाने वाला भी जेल की हवा खाएगा। तिवारी ने तंज कसते हुए यहां तक कह दिया कि अगर उन्हें इतना ही शौक है, तो वह शराब का धंधा ही क्यों नहीं शुरू कर देते?
अमित शाह के दौरे पर विपक्ष को जवाब
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे को लेकर विपक्षी दलों द्वारा की जा रही बयानबाजी पर भी राजू तिवारी ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कहा कि अमित शाह पूरे देश की आंतरिक सुरक्षा और अखंडता की जिम्मेदारी संभालते हैं। वे जो भी कदम उठा रहे हैं, वह राष्ट्रहित में है। विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने के लिए अनर्गल प्रलाप और कुछ से कुछ बोलते रहते हैं।
मुद्दाविहीन राजनीति पर प्रहार
राजू तिवारी ने विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि सदन जैसे पवित्र स्थान का उपयोग गंभीर चर्चा के बजाय विवादित दावों के लिए करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने दोहराया कि सरकार और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


