अतीश दीपंकर/भागलपुर। आगामी 17 फरवरी से शुरू होने वाली वार्षिक माध्यमिक परीक्षा-2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी डॉ. नवल अतीश चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा भवन में आयोजित ब्रीफिंग में सभी केन्द्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने के कड़े निर्देश दिए गए।
61 केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा
भागलपुर जिले में कुल 61 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सदर अनुमंडल में 42, नवगछिया में 10 और कहलगांव में 9 केंद्र निर्धारित हैं। परीक्षा 17 से 25 फरवरी तक दो पालियों में संचालित होगी। प्रथम पाली के लिए परीक्षार्थियों को सुबह 9:00 बजे तक और द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। इसके बाद प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और जूता-मोजा प्रतिबंधित
कदाचार रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त गाइडलाइन जारी की है। परीक्षार्थी केंद्र के अंदर जूता-मोजा पहनकर नहीं जा सकेंगे; उन्हें केवल चप्पल पहनकर आने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाना परीक्षार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए भी प्रतिबंधित है। केवल केन्द्राधीक्षक को मोबाइल रखने की छूट होगी।
सघन तलाशी और यातायात प्रबंधन
महिला परीक्षार्थियों की तलाशी के लिए केंद्रों पर महिला पुलिसकर्मियों और कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके लिए केंद्रों पर गोपनीयता बनाए रखने हेतु विशेष घेरे बनाए जाएंगे। यातायात डीएसपी को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा केंद्रों के बाहर भीड़ एकत्रित न होने दें ताकि परीक्षार्थियों को आवागमन में असुविधा न हो। नियंत्रण कक्ष (0641-2402082) भी सक्रिय कर दिया गया है। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


