कुंदन कुमार/ पटना। बिहार बजट को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। एआईएमआईएम के विधायक अख्तरुल ईमान शाहीन ने बजट पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं है कि इस बार भी कोई बड़ा ऐलान देखने को मिलेगा। उनका कहना है कि केंद्र सरकार ने अपने बजट में बिहार को विशेष तवज्जो नहीं दी। इक्का-दुक्का रेल परियोजनाओं को छोड़ दिया जाए तो राज्य को कोई बड़ा पैकेज या विशेष योजना नहीं मिली है।

उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए ठोस प्रावधान नहीं किए गए हैं। साथ ही बिहार को विशेष राज्य का दर्जा या विशेष पैकेज न मिलने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब केंद्र ने राज्य के लिए कुछ खास नहीं किया, तो राज्य सरकार से भी ज्यादा उम्मीद नहीं की जा सकती।

वायरल फोटो पर भी टिप्पणी

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यपाल की वायरल तस्वीर को लेकर भी अख्तरुल ईमान ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं और इस पर जनता खुद सब देख और समझ रही है।

कानून-व्यवस्था पर RJD का हमला

वहीं, राजद विधायक रणविजय साहू ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं और छात्राओं के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे हालात में मुख्यमंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन अपराधियों पर नकेल कसने में नाकाम साबित हो रहा है। नीट की छात्रा की हत्या के मामले में अब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। साहू ने कहा कि मामले को सीबीआई को सौंपना लीपापोती जैसा कदम है और पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है।