कुंदन कुमार/ पटना। बिहार सरकार के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह बजट आम जनता नहीं, बल्कि बड़े पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। उनके अनुसार सरकार ग्रामीण विकास, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं जैसे अहम मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है।
गांवों की बदहाली पर उठाए सवाल
कुमार सर्वजीत ने कहा कि आज भी राज्य के कई गांवों में नाली-गली की समुचित व्यवस्था नहीं है। लोगों को शुद्ध पेयजल तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और कई सरकारी स्कूलों के भवन जर्जर हालत में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में इन मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए ठोस प्रावधान नहीं दिखता।
महिलाओं और दलितों के नाम पर राजनीति
विधायक ने कहा कि महिलाओं को दस हजार रुपये देने की घोषणा कर सरकार ने उनका वोट तो ले लिया, लेकिन क्या इतनी राशि से परिवार का गुजारा संभव है? उन्होंने सवाल उठाया कि दलित परिवारों की वास्तविक स्थिति सुधारने के लिए बजट में क्या विशेष प्रावधान किए गए हैं। उनका दावा है कि जमीन पर हालात बेहद खराब हैं और सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है।
ठेकेदारी व्यवस्था पर भी निशाना
कुमार सर्वजीत ने आरोप लगाया कि बिहार में बड़े विभागों के ठेके बाहरी कंपनियों को दिए जा रहे हैं। पथ निर्माण विभाग के कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय ठेकेदारों को दरकिनार कर बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उनके मुताबिक यह बजट सुनियोजित तरीके से पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने और संसाधनों के केंद्रीकरण की दिशा में बनाया गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


