बक्सर‌। जिले के डुमरांव (नावानगर) में औद्योगिक विकास की नई इबारत लिखी गई है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने 1235 करोड़ रुपये की लागत से बने कोका-कोला बॉटलिंग प्लांट का भव्य उद्घाटन किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने अपराधियों और निवेश में बाधा डालने वालों को सीधे शब्दों में चेतावनी दी।

​अपराधियों को सख्त संदेश

​मंच से हुंकार भरते हुए सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि बिहार में अब कानून का राज है। उन्होंने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा, बिहार में अब गुंडागर्दी के लिए कोई जगह नहीं है। जो भी अपराध का रास्ता चुनेगा, उसके पास केवल दो विकल्प होंगे या तो वह जेल की सलाखों के पीछे होगा या फिर बगल में बह रही गंगा नदी में। उन्होंने निवेशकों को सुरक्षा का पूर्ण भरोसा दिलाते हुए प्रशासन को भी मुस्तैद रहने का निर्देश दिया।

​1235 करोड़ का निवेश और रोजगार की नई राह

​नावानगर के विशेष आर्थिक क्षेत्र में बियाडा की 65 एकड़ भूमि पर स्थापित यह अत्याधुनिक प्लांट एसएलएमजी बेवरेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सड़क, बिजली और पानी की स्थिति सुधर चुकी है, जिससे अब उद्योगपतियों के लिए बिहार एक बेहतर गंतव्य बन गया है। इस प्लांट से स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा और पलायन पर रोक लगेगी।

​बिहार में बिछेगा उद्योगों का जाल

​उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने इस अवसर पर कहा कि राज्य की नई औद्योगिक नीति निवेशकों के लिए बेहद फायदेमंद है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में बिहार के हर कोने में उद्योगों का जाल बिछाया जाएगा। यह प्लांट न केवल बक्सर बल्कि पूरे शाहाबाद क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए गेम चेंजर साबित होगा।