पटना। बिहार कांग्रेस ने नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम के तहत युवाओं को पार्टी से जोड़ने की बड़ी पहल शुरू की है। इसके लिए एक QR कोड जारी किया गया है, जिसके जरिए इच्छुक उम्मीदवार गूगल फॉर्म भरकर आवेदन कर सकते हैं। यह अभियान राज्य में बिहार की आवाज नाम से लॉन्च किया गया है।

प्रवक्ता, रिसर्चर और पब्लिसिटी टीम के लिए आवेदन

फॉर्म में प्रवक्ता-पैनलिस्ट, रिसर्च को-ऑर्डिनेटर और पब्लिसिटी को-ऑर्डिनेटर पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। अभ्यर्थियों को अपना नाम, फोन नंबर, उम्र, धर्म, श्रेणी, जनजाति, पेशा, राज्य, जिला, शैक्षणिक योग्यता और विशेषज्ञता की जानकारी देनी होगी। सोशल मीडिया प्रोफाइल लिंक और पूर्व राजनीतिक जुड़ाव का विवरण भी देना अनिवार्य है।

बहस क्षमता और 2 मिनट का वीडियो जरूरी

आवेदकों को यह बताना होगा कि वे किस भाषा में धाराप्रवाह और बिना रुके बहस कर सकते हैं। सामाजिक सेवा या मीडिया अनुभव की जानकारी भी देनी होगी। साथ ही वोट चोरी, जाति जनगणना, महिला सुरक्षा और मुस्लिम प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दों पर 2 मिनट का वीडियो अपलोड करना अनिवार्य है। संबंधित जिला या ब्लॉक स्तर के कांग्रेस नेता का समर्थन-पत्र और बायोडाटा भी संलग्न करना होगा।

नए चेहरे, नए विचारों की तलाश

कांग्रेस का कहना है कि वह देशभर में अपने मीडिया पैनल का विस्तार कर रही है और समानता, स्वतंत्रता व न्याय के मूल्यों से जुड़े सक्रिय युवाओं की तलाश में है। वंचित वर्गों को विशेष रूप से आवेदन के लिए प्रोत्साहित किया गया है।

अभय दुबे को बिहार प्रभारी

2 फरवरी को कार्यक्रम लॉन्च किया गया। राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे को बिहार का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी का उद्देश्य मीडिया, रिसर्च और प्रचार के जरिए संगठन को मजबूती देना है।