पटना/समस्तीपुर। बिहार में रसोई गैस की भारी किल्लत और सिलेंडर की कथित कालाबाजारी को लेकर राजनीति गरमा गई है। मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य के 12 से अधिक जिलों में केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। खगड़िया, मुंगेर, समस्तीपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और भागलपुर जैसे प्रमुख शहरों में कांग्रेसियों ने सड़कों पर उतरकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।
महिलाओं का प्रदर्शन
समस्तीपुर में विरोध का एक अनोखा और उग्र रूप देखने को मिला। यहां जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद अबू तमीम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। सबसे खास बात यह रही कि महिला सेल की कार्यकर्ता अपने सिर पर खाली गैस सिलेंडर रखकर जुलूस में शामिल हुईं। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नरेंद्र मोदी शर्म करो और सिलेंडर की कालाबाजारी बंद करो जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब चूल्हा जलाने के लिए गैस ही नहीं है, तो इन खाली सिलेंडरों का क्या काम?
मुजफ्फरपुर और बेगूसराय में आक्रोश
मुजफ्फरपुर के सरायगंज टावर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमा होकर केंद्र सरकार की नीतियों को महंगाई और किल्लत का जिम्मेदार ठहराया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि घंटों लंबी लाइनों में लगने के बाद भी आम जनता को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
वहीं, बेगूसराय में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अभय कुमार सिंह सार्जन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला परिषद मार्केट से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। यहां प्रधानमंत्री के साथ-साथ केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का भी पुतला फूंका गया। सार्जन ने आरोप लगाया कि प्रशासन की नाक के नीचे गैस की कालाबाजारी हो रही है और गरीब जनता त्रस्त है।
कालाबाजारी और महंगाई पर सरकार को घेरा
आरा, औरंगाबाद और बेगूसराय में भी प्रदर्शन की आंच दिखाई दी। कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि एक तरफ पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें आसमान छू रही हैं, वहीं दूसरी तरफ सिलेंडर की कृत्रिम कमी पैदा कर लोगों को परेशान किया जा रहा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस की आपूर्ति सुचारू नहीं की गई और कालाबाजारी पर रोक नहीं लगी, तो यह आंदोलन पूरे प्रदेश में और उग्र रूप धारण करेगा।
नेताओं ने मांग की है कि स्थानीय प्रशासन वितरण केंद्रों पर निगरानी बढ़ाए ताकि आम नागरिक को बिना किसी परेशानी के निर्धारित दर पर सिलेंडर मिल सके। फिलहाल, इस विरोध प्रदर्शन ने बिहार की सियासत में गैस संकट को एक बड़ा मुद्दा बना दिया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

