कुंदन कुमार/​पटना। बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार की घेराबंदी तेज कर दी है। दरभंगा में 6 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म और हत्या की हालिया घटना को लेकर उन्होंने प्रदेश की स्थिति को अराजक करार दिया है।

​अपराधियों और सत्ता का गठजोड़

​तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों और सत्ताधारी नेताओं के बीच एक खतरनाक गठबंधन बन चुका है, जिसके कारण जनता पिस रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की रिकॉर्डतोड़ नाकामी और बेहद कम दोष-सिद्धि दर ने अपराधियों के हौसले बुलंद कर दिए हैं। आलम यह है कि पीड़ितों और गरीबों की गुहार सुनने वाला कोई नहीं है।

​चिंताजनक घटनाओं की लंबी सूची

​तेजस्वी ने हाल की कई दर्दनाक घटनाओं का जिक्र किया, जिनमें पटना में NEET छात्रा, मधेपुरा, खगड़िया और मुजफ्फरपुर में महिलाओं व बच्चियों के साथ हुए जघन्य अपराध शामिल हैं। उनके अनुसार, मोतिहारी में एसिड अटैक से लेकर छपरा और मधेपुरा में सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं यह दर्शाती हैं कि राज्य में विधि-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

​मुख्यमंत्री की चुप्पी पर सवाल

​नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की खामोशी को खतरनाक और आपराधिक बताया। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश की बेटियां असुरक्षित हैं, तब मुख्यमंत्री की अनभिज्ञता और चुप्पी यह संकेत देती है कि सरकार ने अपराधियों के आगे घुटने टेक दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अराजकता पर लगाम नहीं लगी, तो जनता सड़कों पर उतरकर इसका हिसाब लेगी।