पटना। बिहार अपनी स्थापना का 114वां गौरवशाली वर्ष मना रहा है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह का आज भव्य समापन होने जा रहा है। इस उत्सव के अंतिम दिन बिहार के राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और आधिकारिक रूप से समारोह का समापन करेंगे।

​पापोन के सूफियाना अंदाज से सजेगी शाम

​समापन समारोह की सबसे बड़ी रौनक मशहूर बॉलीवुड और लोक गायक पापोन होंगे। अपनी मखमली आवाज और सूफियाना गायकी के लिए पहचाने जाने वाले पापोन आज गांधी मैदान में मौजूद हजारों दर्शकों को अपने गीतों पर झूमने को मजबूर करेंगे। आयोजन समिति को उम्मीद है कि आज अंतिम दिन भीड़ पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ देगी।

​शास्त्रीय नृत्य का संगम: भरतनाट्यम की विशेष प्रस्तुति

​एक तरफ जहां गांधी मैदान में सुरों की महफिल होगी, वहीं श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में शास्त्रीय कला का प्रदर्शन किया जाएगा। योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव, डॉ. एन. विजायलक्ष्मी, भरतनाट्यम की विशेष प्रस्तुति देंगी। दक्षिण भारतीय नृत्य शैली की यह प्रस्तुति कला प्रेमियों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र होगी, जिसमें परंपरा और भावों का जीवंत संगम देखने को मिलेगा।

​सिंगर शान के गानों पर झूमा पटना

​समारोह के दूसरे दिन बॉलीवुड के दिग्गज गायक शान ने मंच संभाला था। उन्होंने फिल्म डॉन के सुपरहिट गाने मैं हूं डॉन से धमाकेदार शुरुआत की। इसके बाद चांद सिफारिश जैसे रोमांटिक गानों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। पूरी रात गांधी मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

​निशांत कुमार ने जाना सरकारी योजनाओं का हाल

​आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार भी गांधी मैदान पहुंचे। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का जायजा लिया। विशेष रूप से आपदा प्रबंधन के स्टॉल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जनता को इन स्टॉल्स पर आकर सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को समझना चाहिए।