प्रमोद कुमार/ कैमूर। बिहार के प्रमुख कपड़ा व्यवसायी लल्लू भाई के व्यावसायिक साम्राज्यों पर बुधवार को राज्य कर विभाग (GST) की टीम ने सर्जिकल स्ट्राइक की है। कर चोरी की पुख्ता गुप्त सूचना के आधार पर विभाग ने लल्लू भाई मॉल के चार अलग-अलग शहरों में स्थित प्रतिष्ठानों पर एक साथ धावा बोला। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
चार घंटे से जारी है सघन जांच
छापेमारी की कमान राज्य कर उपायुक्त (मुख्यालय, पटना) कमलेश कुमार और भभुआ अंचल के संयुक्त आयुक्त अभय कुमार खुद संभाल रहे हैं। टीम में सतीश कुमार, उमेश कुमार और सहायक आयुक्त आशुतोष समेत मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हैं। दोपहर लगभग 2:30 बजे शुरू हुई यह कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। टीम ने फिलहाल मॉल के कंप्यूटर डेटा, स्टॉक रजिस्टर और महत्वपूर्ण वित्तीय दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया है।
जांच में सामने आईं गंभीर अनियमितताएं
अधिकारियों के अनुसार, मॉल प्रबंधन द्वारा ‘वैल्यू एडिशन’ पर लगने वाले टैक्स की बड़े पैमाने पर चोरी की जा रही थी। संयुक्त आयुक्त अभय कुमार ने बताया कि व्यवसायी द्वारा टैक्स का सही भुगतान नहीं किया जा रहा था। जांच के दौरान प्रबंधन रेंट एग्रीमेंट जैसे बुनियादी दस्तावेज भी पेश करने में विफल रहा। इसके अलावा, टीम को चकमा देने के लिए कंप्यूटर डेटा छिपाने की भी कोशिश की गई, जिसे विभाग ने गंभीरता से लिया है।
विभाग के रडार पर टैक्स एडजस्टमेंट का खेल
शुरुआती जांच में यह संदेह गहरा गया है कि संस्थान सिर्फ फर्जी बिलों और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के माध्यम से टैक्स एडजस्टमेंट का खेल खेल रहा था। विभाग अब जब्त किए गए कागजातों का मिलान वास्तविक स्टॉक से कर रहा है ताकि चोरी के सही आंकड़ों का पता लगाया जा सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


