मुजफ्फरपुर। बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा का मंगलवार को दूसरा दिन रहा। पहली पाली में गणित की परीक्षा आयोजित हुई, जबकि दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से पॉलिटिकल साइंस का पेपर होना है। परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले एंट्री बंद कर दी गई और कड़ी जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर जाने दिया गया।
सहरसा में एक छात्र की जींस से पांच से अधिक चिट बरामद की गईं। वहीं नालंदा में कुछ छात्र दौड़ते हुए सेंटर पहुंचे। कई जगह छात्रों की घड़ी, बेल्ट और जूते उतरवाए गए। पटना में छात्र-छात्राओं को सिर्फ एडमिट कार्ड और पेन के साथ प्रवेश दिया गया।

नंगे पैर और चप्पल में पहुंचे परीक्षार्थी

पटना, गोपालगंज और अन्य जिलों में जूते-मोजे उतरवाए जाने से कई छात्र नंगे पैर परीक्षा देने पहुंचे। छपरा के ब्रजकिशोर किंडरगार्टन सेंटर पर छात्राएं चप्पल पहनकर लंबी कतार में नजर आईं। मुजफ्फरपुर के एलएस कॉलेज में भी बेल्ट बाहर उतरवाई गई। शास्त्रीनगर, पटना के एक केंद्र पर मुस्लिम छात्राओं से हिजाब हटवाने की खबर भी सामने आई।

पहले दिन 26 परीक्षार्थी निष्कासित

2 फरवरी को पहले दिन 8 जिलों से 26 छात्र नकल करते पकड़े गए और निष्कासित कर दिए गए। नवादा में सबसे अधिक 13, जहानाबाद और गोपालगंज में 3-3, मधेपुरा व भागलपुर में 2-2 तथा गया, अररिया, कटिहार में 1-1 छात्र पकड़े गए। शेखपुरा में एक छात्र दूसरे की जगह परीक्षा देते मिला।

लेट आने पर हंगामा

पहले दिन देरी से पहुंचे छात्रों को प्रवेश नहीं मिला। नालंदा में कुछ छात्र गेट फांदते दिखे, जबकि बेगूसराय में छात्राएं रोती नजर आईं। जहानाबाद में एक कैदी हथकड़ी लगाकर परीक्षा देने पहुंचा।

राज्यभर में 1,762 केंद्रों पर 13,17,846 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा 13 फरवरी तक चलेगी।