Bihar News: बिहार समेत 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए आज सुबह 9 बजे से मतदान होना है। बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों पर मतदान होना है। हालांकि मतदान से पहले बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। दरअसल वोटिंग से पहले बिहार विधानसभा की सचिव ख्याति सिंह का तबादला कर दिया गया है, जिसे लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।
पटना उच्च न्यायालय में OSD पद पर तैनाती
बता दें कि ख्याति सिंह का तबादला कर उन्हें पटना उच्च न्यायालय में ओएसडी के पद पर नियुक्ती की गई है। गौर करने वाली बात यह है कि राज्यसभा चुनाव के लिए ख्याति सिंह रिटर्निंग ऑफिसर की भी जिम्मेदारी निभा रही थीं। उनके तबादले का आदेश चुनाव की वोटिंग से एक दिन पहले जारी हुआ है, जिसे लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।
कौन हैं ख्याति सिंह?
ख्याति सिंह बिहार न्यायिक सेवा की वरिष्ठ अधिकारी हैं और लंबे समय से न्यायिक व्यवस्था में अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने 9 अक्टूबर 2007 को बिहार अधीनस्थ न्यायिक सेवा जॉइन की थी। पढ़ाई की बात करें तो उन्होंने स्नातक करने के बाद कानून (एलएलबी) की पढ़ाई पूरी की और इसके अलावा पीजीडीएलपीएम की डिग्री भी हासिल की। ख्याति सिंह का चयन बीपीएससी के 26वें बैच के जरिए हुआ था। उनका जन्म 10 जुलाई 1974 को हुआ था और तय सेवा अवधि के अनुसार वे 31 जुलाई 2034 को रिटायर होंगी।
कई जिलों में संभाल चुकी हैं न्यायिक जिम्मेदारी
न्यायिक सेवा के दौरान ख्याति सिंह ने बिहार के कई जिलों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। उन्होंने पटना, समस्तीपुर, मोतिहारी, पटना सिटी, नवादा और शेखपुरा में न्यायिक मजिस्ट्रेट, सब जज, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश समेत विशेष उत्पाद शुल्क न्यायालय की पीठासीन अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाई हैं।
इसके अलावा उन्होंने भोपाल स्थित राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के लिए आयोजित राष्ट्रीय अभिविन्यास कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया, जहां उन्हें न्यायिक प्रक्रिया और प्रशासन से जुड़ा विशेष प्रशिक्षण मिला।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

