पटना। ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव का सीधा असर बिहार की रसोइयों पर दिखने लगा है। राज्य में गैस किल्लत का आज चौथा दिन है, जिसने हाहाकार मचा दिया है। पटना के बाजारों में ईंधन के वैकल्पिक स्रोतों जैसे लकड़ी और कोयले की मांग और कीमतों में भारी उछाल आया है। जो लकड़ी पहले प्रतिदिन महज 10 किलो बिकती थी, उसकी बिक्री अब 3 क्विंटल प्रतिदिन तक पहुंच गई है।
गैस एजेंसी पर ‘VVIP’ दबंगई का आरोप
संकट के बीच पटना के गर्दनीबाग स्थित एक गैस एजेंसी के मालिक सोनल कुमार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि बुधवार को डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के नाम पर कुछ लोग आए और 15 सिलेंडरों की मांग की। मालिक के अनुसार, गोदाम में मौजूद 4 भरे हुए सिलेंडर वे लोग ले गए। हालांकि, उपमुख्यमंत्री कार्यालय ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे ‘बेबुनियाद और भ्रामक’ करार दिया है।
मोतिहारी में मारपीट और रोहिणी आचार्य का हमला
गैस की कमी के कारण मोतिहारी में एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगी हैं, जहां आपाधापी में मारपीट की नौबत आ गई है। इस अव्यवस्था पर राजनीति भी तेज हो गई है। राजद नेता रोहिणी आचार्य ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रशासन अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने की कोशिश कर रहा है और आम जनता को बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

