कुंदन कुमार/ पटना। बिहार की सियासत में इन दिनों विधान परिषद (MLC) की खाली हो रही 11 सीटों को लेकर सरगर्मी चरम पर है। सत्ता के गलियारों में दावों और मांगों का दौर शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के दिग्गज नेता और मंत्री विजय चौधरी के दिल्ली रवाना होने से पहले उनके आवास पर एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला।
मंत्री आवास पर उमड़ी भारी भीड़
मंत्री विजय चौधरी के आवास पर बड़ी संख्या में महिलाओं का एक प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। इन महिलाओं ने समाजसेवी डॉ. एलबी सिंह को विधान परिषद का सदस्य बनाने की पुरजोर मांग की। खास बात यह रही कि इस प्रतिनिधिमंडल में मानवाधिकार आयोग से जुड़ी सक्रिय महिलाएं भी शामिल थीं, जिन्होंने डॉ. सिंह की उम्मीदवारी का समर्थन किया।
समाज सेवा बना मजबूत आधार
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि डॉ. एलबी सिंह बीते एक दशक से अधिक समय से निस्वार्थ भाव से समाज सेवा में जुटे हैं। उनके द्वारा गरीबों की मदद और सामाजिक उत्थान के कार्यों को देखते हुए उन्हें सदन में भेजने की मांग उठ रही है। महिलाओं ने भरोसा जताया कि विजय चौधरी जेडीयू के कद्दावर नेता हैं और वे समाज के प्रति डॉ. सिंह के समर्पण को समझते हुए इस मांग को पार्टी नेतृत्व तक जरूर पहुंचाएंगे।
सियासी गलियारों में चर्चा तेज
हमारे संवाददाता कुंदन कुमार से बात करते हुए महिलाओं ने स्पष्ट किया कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मंत्री विजय चौधरी उनकी इस जायज मांग पर विचार करेंगे। अब देखना यह है कि 11 सीटों के लिए होने वाली इस सियासी जंग में डॉ. एलबी सिंह जैसे समाजसेवी चेहरों को पार्टी कितनी प्राथमिकता देती है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

