कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

TRE-4 रिजल्ट की मांग को लेकर आज सड़क पर उतरेंगे अभ्यर्थी, आयोग पर लगाया गंभीर आरोप, (समय- सुबह 11 बजे)

बिहार में शिक्षक बहाली परीक्षा (TRE-4) के परिणामों में हो रही देरी ने अब तूल पकड़ लिया है। रिजल्ट की मांग को लेकर अभ्यर्थी आज बुधवार 18 मार्च को 11 बजे पटना की सड़कों पर उतरेंगे। अभ्यर्थियों का आरोप है कि आयोग जानबूझकर रिजल्ट में देरी कर रहा है। शिक्षक अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा संपन्न होने के बावजूद रिजल्ट को अटकाए रखना मानसिक प्रताड़ना के समान है। आयोग छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा रहेंगे मौजूद, (समय- दोपहर 12 बजे)

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आज दोपहर 12 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक में डिप्टी सीएम सह विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा विभाग से जुड़े विभिन्न योजनाओं, खनन कार्यों की प्रगति, राजस्व वसूली, अवैध खनन पर नियंत्रण तथा लंबित मामलों की स्थिति पर विस्तार से समीक्षा की जाएगी। बैठक में विभागीय अधिकारी, संबंधित जिला पदाधिकारी और अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान चल रही परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी भी किए जा सकते हैं।

कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन, प्रदेश अध्यक्ष रहेंगे मौजूद, (समय-दोपहर 1 बजे)

कांग्रेस कार्यालय में आज दोपहर 1 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। प्रेस-कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम व अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और राज्य से जुड़े मुद्दों पर मीडिया को जानकारी दी जाएगी। वहीं, प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस विधायकों के वोट नहीं देने पर भी पार्टी की आधिकारिक प्रतिक्रिया रखी जा सकती है।

सीएम नीतीश की इफ्तार पार्टी आज, NDA के कई नेता होंगे शामिल, (समय-शाम 6 बजे)

सीएम नीतीश के सरकारी आवास पर आज बुधवार (18 मार्च) को इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया है। शाम 6 बजे आयोजित इस इफ्तार पार्टी में सीएम नीतीश और निशांत कुमार खुद मौजूद रहेंगे। नीतीश की इस इफ्तार पार्टी में एनडीए के कई बड़े नेता शामिल होंगे। गौरतलब है कि बतौर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यह आखिरी इफ्तार पार्टी होगी।

ये भी पढ़ें- ​पटना में बालू माफिया और पुलिस के बीच मुठभेड़, कई वाहन जब्त, तोड़ी सरकारी गाड़ी