कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

कांग्रेस कार्यालय में PC का आयोजन, इन मुद्दों पर होगी चर्चा, (समय-11 बजे)

कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आज सुबह 11 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। प्रेस-कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, जो संवददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और राज्य से जुड़े मुद्दों पर मीडिया को जानकारी देंगे। बता दें कि आज दोपहर 1 बजे कांग्रेस देशभर में एलपीजी की किल्लत और बढ़े कीमतों को लेकर मचे हाहाकार के बीच पूरे बिहार में जोरदार प्रदर्शन भी करेगी।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा रहेंगे मौजूद, (समय-1 बजे)

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आज दोपहर 1 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक में डिप्टी सीएम सह विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा विभाग से जुड़े विभिन्न योजनाओं, खनन कार्यों की प्रगति, राजस्व वसूली, अवैध खनन पर नियंत्रण तथा लंबित मामलों की स्थिति पर विस्तार से समीक्षा की जाएगी। बैठक में विभागीय अधिकारी, संबंधित जिला पदाधिकारी और अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान चल रही परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी भी किए जा सकते हैं।

चैती छठ का तीसरा दिन आज, डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे श्रद्धालु, (समय-शाम 5 बजे)

चैती छठ का आज मंगलवार को तीसरा दिन है। आज के दिन व्रती गंगा, तालाब, या किसी नदी किनारे जाकर संध्या के समय डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। व्रत का यह सबसे महत्वपूर्ण क्षण होता है, जब भक्तजन सूर्य देवता को अर्घ्य अर्पण कर उनसे कृपा और आशीर्वाद की कामना करते हैं। इस मौके पर पटना समेत विभिन्न घाटों और तालाबों में शाम 5 बजे श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगे

बिहार दिवस का समापन आज, राज्यपाल सैयद अता हसनैन होंगे शामिल

बिहार दिवस के 114वें स्थापना दिवस का आज समापन होगा। 22 मार्च को सीएम नीतीश ने पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में देश के जाने माने कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी। वहीं, आज 24 मार्च को होने वाले समापन समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन शामिल होंगे। बता दें कि इस बार बिहार दिवस का थीम- ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ रखा गया है।

ये भी पढ़ें- बिहार बोर्ड के इंटर रिजल्ट में सेकंड डिवीजन आने पर होनहार छात्रा ने दी जान, जांच में जुटी FSL टीम