कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

बिहार में रामनवमी की धूम, पटना के महावीर मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब

बिहार समेत देशभर में बड़े ही धूमधाम के साथ रामनवमी मनाई जा रही है। रामनवमी के अवसर पर पटना के महावीर मंदिर में भक्तों का जन सैलाब उमड़ा हुआ है। भक्तों के लिए मंदिर के पट रात 2 बजे खोल दिए गए थे। मंदिर के बाहर अभी भी लंबी लाइन लगी हुई है, भक्त पूजा-अर्चना कर रहे हैं। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने आधी रात को मंदिर में पूजा अर्चना की। वहीं, 11 बजे होने वाली आरती में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी समेत कई अन्य नेता शामिल हो सकते हैं। महावीर मंदिर में इस साल 4 लाख से अधिक भक्तों के पहुंचने और दर्शन करने की उम्मीद है।

कांग्रेस कार्यालय में PC का आयोजन, इन मुद्दों पर होगी चर्चा, (समय-1 बजे)

कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आज दोपहर 1 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। प्रेस-कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, जो संवददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और राज्य से जुड़े मुद्दों पर मीडिया को जानकारी देंगे।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा रहेंगे मौजूद, (समय-2 बजे)

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आज दोपहर 2 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक में डिप्टी सीएम सह विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा विभाग से जुड़े विभिन्न योजनाओं, खनन कार्यों की प्रगति, राजस्व वसूली, अवैध खनन पर नियंत्रण तथा लंबित मामलों की स्थिति पर विस्तार से समीक्षा की जाएगी। बैठक में विभागीय अधिकारी, संबंधित जिला पदाधिकारी और अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान चल रही परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी भी किए जा सकते हैं।

पटना में रामनवमी पर निकलेंगी 52 शोभा यात्रा, सीएम नीतीश और बीजेपी अध्यक्ष समेत कई नेता होंगे शामिल, (समय-5 बजे)

पटना में रामनवमी के अवसर पर 52 शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। शाम 5 बजे के करीब निकलने वाली इस शोभा यात्रा में 5 से 7 लाख श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। डाक बंगला में सबसे बड़ा आयोजन है, जहां से सभी शोभायात्रा गुजरेंगी। यात्रा में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, सीएम नीतीश, बिहार राज्यपाल और दोनों डिप्टी सीएम समेत कई नेता और मंत्री मौजूद रहेंगे। इस शोभा यात्रा में बीजेपी सांसद मनोज तिवारी भी मौजूद रहेंगे।

ये भी पढ़ें- बेलागंज सड़क हादसे में महिला की मौत, 25 पर FIR और मुख्य आरोपी गिरफ्तार