कुंदन कुमार/ पटना‌। बिहार की राजनीति में सरकारी संसाधनों के उपयोग को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के मंत्री संजय सिंह पर सरकारी कैलेंडर में अपने परिवार की तस्वीरें प्रकाशित करने का गंभीर आरोप लगाया है।

परिवारवाद का नया अध्याय

​राजद के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि एनडीए सरकार में परिवारवादी राजनीति को खुलेआम संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने इसे परिवारवादी राजनीति का नया अध्याय करार दिया। अहमद के अनुसार, सरकारी कैलेंडर किसी व्यक्ति या परिवार के प्रचार का माध्यम नहीं होता, बल्कि वह सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों के लिए होता है। इसमें परिवार के सदस्यों की फोटो लगाना सत्ता का दुरुपयोग है।

​सरकारी लूट और एनडीए की चुप्पी पर सवाल

​राजद प्रवक्ता ने इस कदम को केवल राजनीतिक मुद्दा ही नहीं, बल्कि सरकारी लूट का एक बड़ा उदाहरण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के टैक्स के पैसे से छपने वाले कैलेंडर में परिवार को महिमामंडित करना भ्रष्टाचार की श्रेणी में आता है। एजाज अहमद ने एनडीए के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा नेता नितिन नवीन और चिराग पासवान जैसे नेताओं की इस विषय पर चुप्पी बेहद हैरान करने वाली है।