कुंदन कुमार/जहानाबाद। जिले में अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एसपी अपराजित लोहान के निर्देशन में चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान (स्पेशल ड्राइव) के दौरान पुलिस ने कुल 110 आरोपितों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
संगीन वारदातों में शामिल थे 104 अभियुक्त
एसपी ने बताया कि पिछले 48 घंटों के भीतर पुलिस ने विशेष रूप से सक्रियता दिखाते हुए 104 ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया, जो हत्या, डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार थे। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने गुप्त सूचनाओं के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर इन वांछित अपराधियों को दबोचा।
300 से अधिक वारंटों का निष्पादन
इस ड्राइव के दौरान केवल गिरफ्तारियां ही नहीं हुईं, बल्कि कानूनी प्रक्रिया को भी गति दी गई। पुलिस ने कुल 312 वारंटों का निष्पादन किया, जिनमें से 267 गैर-जमानती वारंट (NBW) थे। इसके अलावा, कई वर्षों से फरार चल रहे दो ‘लाल वारंटी’ भी पकड़े गए। कोर्ट के आदेश की अवहेलना करने वाले 6 फरार अभियुक्तों के विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की गई।
बरामदगी और अन्य सफलताएं
अभियान के दौरान मखदुमपुर और अमरपुर क्षेत्र से चोरी की बाइकें और टेंपो बरामद किए गए। वहीं, विभिन्न थानों की पुलिस ने बड़ी संवेदनशीलता दिखाते हुए चार अपहृत महिलाओं को भी सकुशल बरामद किया। नगर थाना, शकूराबाद, टेहटा और घोसी पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों के कुख्यात आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


