पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़े उलटफेर के संकेत मिल रहे हैं। सत्ता के गलियारों में मची हलचल के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दोपहर 12:15 बजे राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। उनके इस कदम के साथ ही बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं, जिसके मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दिल्ली में एक हाई-प्रोफाइल ‘कोर ग्रुप’ की बैठक बुलाई है।
दिल्ली में बीजेपी की अहम बैठक
बिहार के अगले मुख्यमंत्री के चयन को लेकर भाजपा मुख्यालय में होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। सूत्रों के अनुसार, यह बैठक दोपहर 12 बजे के बाद शुरू होगी। इस मंथन का मुख्य उद्देश्य एक ऐसे चेहरे की तलाश करना है, जिस पर सर्वसम्मति हो और जो आगामी चुनावों के लिहाज से पार्टी को मजबूती प्रदान कर सके।
बैठक में शामिल होंगे दिग्गज नेता
इस महत्वपूर्ण चर्चा के लिए बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा बीते कल ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। इनके अलावा, विधायक श्रेयसी सिंह को भी विशेष तौर पर बुलाया गया है। बैठक में बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और संजय जायसवाल जैसे दिग्गज मौजूद रहेंगे।
संगठनात्मक चर्चा और भावी रणनीति
बैठक में सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल, मंगल पांडेय के साथ-साथ संगठन स्तर के बड़े पदाधिकारी जैसे भीखू भाई दलसानिया और नागेंद्र भी शामिल होंगे। भाजपा आलाकमान इस बैठक में औपचारिक रूप से प्रदेश इकाई से नए मुख्यमंत्री के लिए नाम का सुझाव मांग सकता है। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद खाली हो रही कुर्सी पर बीजेपी अब अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

