कुंदन कुमार/​पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान राजनीतिक सरगर्मी तेज है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्षी नेताओं, विशेषकर राबड़ी देवी द्वारा कानून व्यवस्था के मुद्दे पर मांगे गए इस्तीफे पर पलटवार किया है। चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष चर्चा से भाग रहा है।

​सदन के बजाय बाहर शोर मचा रहा विपक्ष

​सम्राट चौधरी ने विपक्षी दलों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विरोधी दल के नेता सदन के भीतर चुप रहते हैं और बाहर जाकर बयानबाजी करते हैं। उन्होंने कहा, “सरकार एक-एक चीज का जवाब देने के लिए तैयार है। अगर विपक्ष को कोई शिकायत है, तो उन्हें उचित फोरम (सदन) पर अपनी बात रखनी चाहिए। हम लगातार जवाब दे रहे हैं, लेकिन विपक्ष केवल हंगामा करना जानता है।

​बिहार में ‘सुशासन’ और ‘कानून का राज’

​राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में पूरी तरह सुशासन स्थापित है। उन्होंने अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार में अब कानून का राज है और अपराधी डर के मारे भाग रहे हैं। चौधरी ने जोर दिया कि लोकतंत्र में अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है और जो भी कानून तोड़ेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

​राबड़ी देवी के इस्तीफे की मांग पर तीखा प्रहार

​पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी द्वारा इस्तीफे की मांग किए जाने पर सम्राट चौधरी ने पारिवारिक अपराधों का जिक्र करते हुए उन्हें घेरा। उन्होंने कहा, अपराधी कैसे घूम रहे हैं, यह उन्हें बेहतर पता है। आज हालात ऐसे हैं कि मामा भांजे की हत्या कर रहा है और भांजा मामा की। ऐसी घटनाओं पर किसी के पास क्या जवाब है? यह सामाजिक विकृति है, जिसे सरकार सख्ती से नियंत्रित कर रही है।