पटना। बिहार की 5 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव का बिगुल बज चुका है। समीकरण कुछ ऐसे हैं कि इस बार कई दिग्गजों के पत्ते कट सकते हैं, तो कुछ को नया जीवनदान मिल सकता है। चुनाव आयोग के अनुसार, 26 फरवरी को नोटिफिकेशन जारी होगा और 16 मार्च को मतदान व मतगणना संपन्न होगी। बिहार में एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों के समर्थन की जरूरत है। संख्या बल के हिसाब से बीजेपी अपनी 2 और जदयू अपनी 2 सीटें सुरक्षित करती दिख रही है, जबकि राजद के लिए अपनी पुरानी स्थिति बरकरार रखना एक बड़ी चुनौती होगी।
दिल्ली में बंगला, राज्यसभा से दूरी?
बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने की अटकलों पर विराम लगता दिख रहा है। उन्हें दिल्ली में 1 मोतीलाल नेहरू मार्ग पर टाइप-8 बंगला आवंटित हुआ है। नियमों के मुताबिक, यह बंगला उन राष्ट्रीय अध्यक्षों को मिलता है जो सांसद नहीं होते। चूंकि वह अप्रैल में यहां शिफ्ट हो रहे हैं, यह स्पष्ट संकेत है कि पार्टी उन्हें संगठन की कमान सौंपेगी, सदन की नहीं।
पवन सिंह का बढ़ेगा कद!
भोजपुरी स्टार पवन सिंह को लेकर चर्चाएं तेज हैं। विधानसभा चुनाव में बीजेपी के लिए धुआंधार प्रचार करने का इनाम उन्हें मिल सकता है। मनोज तिवारी के संकेतों और पार्टी के भीतर की हलचल को देखें तो उन्हें राज्यसभा या किसी बड़े सांगठनिक पद से नवाजा जा सकता है।
कुशवाहा और हरिवंश की दावेदारी
9 अप्रैल को जिनका कार्यकाल खत्म हो रहा है उनमें हरिवंश नारायण सिंह और उपेंद्र कुशवाहा प्रमुख हैं। जदयू कोटे से हरिवंश को दोबारा मौका मिलने की संभावना है, वहीं कुशवाहा के राजनीतिक भविष्य को लेकर कयासों का दौर जारी है कि एनडीए गठबंधन उन्हें कैसे और कहां सेट करता है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


