मुजफ्फरपुर/सीतामढ़ी। खुशियों भरा माहौल मातम में बदल गया जब मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के दो युवकों की सीतामढ़ी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना शुक्रवार देर रात की है, जहाँ मांगुरहा पुल के पास एक अनियंत्रित मोड़ पर बाइक सवार दोनों युवकों ने अपनी जान गंवा दी।
शादी की खुशियां गम में बदलीं
जानकारी के अनुसार, औराई थाना क्षेत्र की घनश्यामपुर पंचायत अंतर्गत घनश्यामपुर बेसी गांव निवासी रोशन कुमार (18 वर्ष) और जितेंद्र कुमार (21 वर्ष) अपने एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने सीतामढ़ी गए थे। रोशन के दादा राम विनय पंडित ने बताया कि दोनों युवक झल्सी गांव से नानपुर थाना क्षेत्र के भदीयन गांव बारात गए थे।
विवाह समारोह संपन्न होने के बाद, दोनों युवक देर रात मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव लौट रहे थे। तभी नानपुर थाना क्षेत्र के मांगुरहा पुल के समीप, औराई की ओर मुड़ने वाले तीखे मोड़ पर उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अंधेरा होने और सुनसान जगह होने के कारण रात में किसी को घटना की भनक नहीं लग सकी।
सुबह सड़क किनारे मिले शव
शनिवार सुबह जब स्थानीय ग्रामीण मांगुरहा पुल की ओर निकले, तो उन्होंने सड़क किनारे दो युवकों के लहूलुहान शव और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल देखी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली और शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचित किया।
मृतक जितेंद्र के पिता जय किशोर दास ने रुंधे गले से बताया कि उनका बेटा शुक्रवार शाम करीब 6 बजे यह कहकर घर से निकला था कि वह बारात जा रहा है और जल्द लौट आएगा। परिजनों को क्या पता था कि वह कभी वापस नहीं लौटेगा।
प्रशासन से जांच की मांग
घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय मुखिया राम जन्म सोनू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जाए और पीड़ितों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


