अविनाश श्रीवास्तव/ सासाराम। रोहतास जिले के अकोढ़ी गोला थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम संबंधों को छिपाने के लिए एक महिला को मौत के घाट उतार दिया गया। बीते 14 मार्च को बाघाखोह गांव के एक कुएं से बरामद अज्ञात महिला के शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने सोमवार को सनसनीखेज खुलासा किया। मृतका की पहचान गया निवासी पायल यादव उर्फ पूनम देवी के रूप में हुई है।

​प्रेम, धोखा और खूनी साजिश

​पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि इस हत्याकांड का मुख्य सूत्रधार महिला का प्रेमी धर्मेंद्र कुमार सिंह है। मृतका पायल शादीशुदा थी और उसका एक बच्चा भी है, जो पटना में अपने पिता के साथ रहता है। पायल और धर्मेंद्र के बीच कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों काफी समय तक आंध्र प्रदेश में साथ रहकर मजदूरी करते थे। विवाद तब शुरू हुआ जब धर्मेंद्र ने पायल को बताए बिना अपने गांव में दूसरी शादी कर ली और वहीं रहने लगा।

​आंध्र प्रदेश से प्रेमी के घर पहुंची थी मृतक

​प्रेमी की बेवफाई और दूसरी शादी की खबर मिलते ही पायल गुस्से में आंध्र प्रदेश से सीधे धर्मेंद्र के पैतृक गांव करमा (बघैला थाना) पहुंच गई। अपने परिवार के सामने अवैध संबंधों का राज खुलने के डर से धर्मेंद्र घबरा गया। उसने पायल को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसे बाघाखोह टोला स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर ले गया।

​पुआल के ढेर पर हत्या, कुएं में मिला शव

​साजिश के तहत धर्मेंद्र ने अपने भाई, पिता और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर देर रात धारदार हथियार से पायल की निर्मम हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए शव को पास के एक कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस को घटनास्थल पर पुआल के ढेर से खून के धब्बे, टूटी हुई चूड़ियां और मृतका का अन्य सामान बरामद हुआ है।

​पांच गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

​इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी धर्मेंद्र कुमार, उसके भाई उपेंद्र कुमार, पिता नकुल सिंह सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसपी ने इस सफल उद्भेदन के लिए टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।