अविनाश श्रीवास्तव/रोहतास। रिश्तों की पवित्रता और सामाजिक मर्यादाओं को चुनौती देने वाला एक चौंकाने वाला मामला बिहार के रोहतास जिले से सामने आया है। यहां एक विवाहित महिला को उसके पति के ही जिगरी दोस्त के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। हंगामे और हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद, पंचायत के हस्तक्षेप और पति की रजामंदी से महिला की शादी उसके प्रेमी (दोस्त) से करा दी गई। यह पूरी घटना दिनारा प्रखंड के नटवार गांव की है।

​दिल्ली में दोस्ती और घर तक पहुंच

​घटना की पृष्ठभूमि दिल्ली से जुड़ी है। नटवार निवासी युवक दिल्ली में काम करता था, जहां उसकी गहरी दोस्ती अपने ही गांव के एक अन्य युवक से हो गई। दोनों के बीच इस कदर भरोसा था कि दोस्त का एक-दूसरे के घर आना-जाना आम था। इसी दौरान, युवक के संबंध अपने दोस्त की पत्नी के साथ प्रगाढ़ हो गए। धीरे-धीरे फोन पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ, जो अंततः प्रेम प्रसंग में तब्दील हो गया।

​होली की छुट्टी और गुजरात का सफर

बता दें कि महिला की शादी जून 2021 में हुई थी और उनका एक चार साल का बच्चा भी है। हाल ही में होली के मौके पर पति-पत्नी गांव आए थे। पत्नी को मायके छोड़कर पति काम के सिलसिले में गुजरात चला गया। पति की अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए प्रेमी दोस्त भी दिल्ली से गांव पहुंच गया और दोनों का मिलना-जुलना जारी रहा।

​रंगे हाथ पकड़े जाने पर आधी रात को पंचायत

​गुरुवार की देर रात जब प्रेमी अपनी प्रेमिका (दोस्त की पत्नी) से मिलने उसके घर पहुंचा, तो परिजनों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। मौके पर जमकर मारपीट और हंगामा हुआ। खबर मिलते ही गुजरात से पति भी वापस लौट आया। रात भर चली पंचायत में काफी जद्दोजहद हुई, लेकिन महिला और उसका प्रेमी एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़े रहे।

​मंदिर में विवाह और बच्चे की कस्टडी

​अंततः शुक्रवार की सुबह दिनारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित हनुमान मंदिर में दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। सबसे हैरानी की बात यह रही कि इस शादी में महिला का पहला पति भी मौजूद था और उसकी सहमति से ही रस्में पूरी की गईं। पंचायत के निर्णय के अनुसार, महिला का चार वर्षीय बेटा भी अपनी मां के साथ ही रहेगा।