अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। रोहतास जिले के सासाराम नगर थाने में मंगलवार को उस वक्त भारी अफरातफरी मच गई, जब पुलिस की नाक के नीचे ही दो गुट आपस में भिड़ गए। थाने की दहलीज पर कानून का खौफ इस कदर गायब दिखा कि स्टेशन से शुरू हुई रंजिश बीच थाने में ‘महायुद्ध’ में बदल गई। देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे और थप्पड़ चलने लगे।
जब पुलिस को बनना पड़ा सख्त
आमतौर पर पुलिस बीच-बचाव करती है, लेकिन जब उपद्रवी बेकाबू हो गए, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी कड़ा रुख अपनाया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया और उपद्रवियों पर ‘हाथ साफ’ किए। थाने के भीतर हुई इस मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और अपराधियों के दुस्साहस पर चर्चा छेड़ दी है।
चाय की चुस्की से शुरू हुआ विवाद
घटना की जड़ें मंगलवार तड़के करीब 5 बजे सासाराम रेलवे स्टेशन के पास जमीं। बताया जा रहा है कि चाय पीने के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में तू-तू मैं-मैं हुई। स्टेशन पर मामला शांत हो गया था, लेकिन घर लौटते वक्त काली स्थान के पास दोनों गुट फिर टकरा गए। इस खूनी संघर्ष में तीन-चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिसके बाद मामला थाने पहुंचा था।
हिरासत में उपद्रवी, डीएसपी ने दी चेतावनी
थाने के भीतर हुई इस गुंडागर्दी पर कड़ा संज्ञान लेते हुए सदर डीएसपी (प्रथम) दिलीप कुमार ने कहा कि कानून के मंदिर में उपद्रव करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

