Bihar Top News Today 01 february 2026: बिहार (BIHAR) में आज 01 फरवरी को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

तेज प्रताप का सियासी धमाका

पटना। जनशक्ति जनता दल के नेता और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने एक पॉडकास्ट में राजनीति और मनोरंजन जगत से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। बातचीत के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 10 में 10 अंक दिए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कामकाज की सराहना की। वहीं जब उनसे पूछा गया कि वे लालू यादव के बेटे हैं, तो उन्होंने कहा, अब कहां, अब राजा का राजगद्दी चला गया।

बजट 2026 पर रोहिणी का तंज

पटना। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश करते हुए बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास पर बड़ा फोकस किया। बिहार के लिए खास घोषणा करते हुए पटना में शिप रिपेयर सेंटर स्थापित करने की बात कही गई है। वाराणसी के साथ पटना में विकसित होने वाला यह शिप रिपेयर इकोसिस्टम जल परिवहन और स्थानीय रोजगार को नई दिशा देगा।
बजट पर रोहिणी आचार्य ने तंज कसते हुए कहा कि यह पुराने सामान को नए डिब्बे में परोसने जैसा है।

चार नाबालिगों की संदिग्ध मौत

औरंगाबाद। जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमझर शरीफ पंचायत के मोती बिगहा गांव में पांच किशोरियों द्वारा कथित रूप से जहर खाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों में चर्चा है कि इनमें से चार नाबालिग लड़कियों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी की हालत गंभीर है। हालांकि पुलिस ने अब तक न तो मौत की पुष्टि की है और न ही पूरी तरह घटना से इनकार किया है।

सूटकेस से मिला का शव

सासाराम। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने सूटकेस से बरामद महिला के शव की पहचान कर ली। मृतका की पहचान 25 वर्षीय मैरून खातून के रूप में हुई है। वह चंदौली जिले के सकलडीहा स्टेशन के पास स्थित बटघी गांव की रहने वाली थी। वर्ष 2022 में उसकी शादी डेहरी के जक्की बीघा निवासी मोहम्मद क्यामुद्दीन से हुई थी। पहचान होने के बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और घटना को लेकर गहरा आक्रोश जताया।

मेगा जनसंपर्क अभियान शुरू

पटना। केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर बिहार भाजपा ने राज्यभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है। पार्टी का उद्देश्य है कि बजट की घोषणाएं सिर्फ संसद तक सीमित न रहें, बल्कि गांव-गांव और आम लोगों तक सीधे पहुंचें। भाजपा का मानना है कि योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे बिना विकास का लक्ष्य अधूरा रहेगा।

ट्रेन से कटकर 3 की मौत

भागलपुर। जिले में ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। घटना कटिहार-बरौनी रेलखंड पर बलाहा रेलवे समपार फाटक के पास हुई। महिला का शव रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा मिला, जबकि दूसरे मृतक का शव अप और डाउन लाइन के बीच बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
मृत महिला की पहचान खगड़िया जिले के भदास निवासी सुनील शाह की पत्नी रेणु देवी (40) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नशीली दवाओं का भंडाफोड़

मोतिहारी। जिले के सिकरहना अनुमंडल के सीमावर्ती क्षेत्र में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। जमुनिया एसएसबी और झरौखर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में प्रतिबंधित ट्रामाडोल टैबलेट बरामद की गई है। यह कार्रवाई सीमावर्ती क्षेत्र के अमावा गांव के पास की गई, जहां एक ई-रिक्शा से करीब 1 लाख 49 हजार पीस ट्रामाडोल टैबलेट जब्त की गई।

नर्सिंग छात्र की गोली मारकर हत्या

बेगूसराय। जिले के खोदाबंदपुर थाना क्षेत्र के नरूलापुर में, बदमाशों ने एक बीएससी नर्सिंग छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सागी पंचायत के बारा गांव, वार्ड नंबर 5 निवासी योगेंद्र पासवान का 20 वर्षीय पुत्र, बादल कुमार उर्फ प्रियांशु राज के रूप में हुई है।
प्रियांशु दरभंगा जिले में रहकर बीएससी नर्सिंग कर रहा था, और कल ही एग्जाम देकर गांव आया था। परिजनों ने बताया कि प्रियांशु के सिर में चार गोली मारी गई है, और चाकू से भी प्रहार किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय एसपी मनीष घटना स्थल पर पहुंचे, और पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गए। मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है।

गाड़ी ने 5 लोगों को रौंदा

मोतिहारी। जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। दरअसल कल शनिवार की देर रात 11 बजे एक तेज रफ्तार थार ने 5 लोगों को कुचल दिया। इस घटना में कुल 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां सभी का इलाज चल रहा है। वहीं, घटना को अंजाम देनेके बाद थार चालकर थार लेकर मौके से फरार हो गया। फिर कुछ दूर आगे जाने के बाद वह अपनी थार को एक मुहल्ले में छोड़कर खुद फरार हो गया। पुलिस ने थार को अपने कब्जे में ले लिया है और गाड़ी के मालिक की पहचान करने में जुटी हुई है।

BJP का शक्ति प्रदर्शन

नालंदा। केंद्रीय बजट 2026 को लेकर बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व बिहार के पूर्व वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री एवं बिहारशरीफ से भाजपा विधायक डॉ. सुनील कुमार ने किया।

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने केंद्रीय बजट 2026 को देश के समग्र विकास और विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती देने वाला बजट बताया।