Bihar Top News Today 02 february 2026: बिहार (BIHAR) में आज 02 फरवरी को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

सरकारी बंगले पर सियासी संग्राम

पटना। राजधानी के 26 एम स्ट्रैंड रोड स्थित सरकारी आवास को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। जनशक्ति जनता दल प्रमुख और विधायक तेज प्रताप यादव द्वारा बंगला खाली करने के बाद यह आवास मंत्री लखेंद्र पासवान को आवंटित किया गया। बंगले का निरीक्षण करने के बाद मंत्री ने आरोप लगाया कि आवास से पंखा, कुर्सी, एसी और बल्ब तक गायब हैं, यहां तक कि गेट के लैच भी तोड़े गए हैं। उनका कहना है कि मकान की छत क्षतिग्रस्त है और बिना मरम्मत के रहने लायक नहीं है। उन्होंने इसकी सूचना भवन निर्माण विभाग को दे दी है।

हाईवे पर थमे पहिये

सासाराम। दिल्ली-कोलकाता हाईवे (एनएच 19) पर बीते दो दिनों से लगा महाजाम अब वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गया है। रोहतास जिले में जाम की स्थिति इतनी भयावह है कि एनएच पर दोनों तरफ लगभग 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं और भीषण जाम में फंसे ट्रक ड्राइवर और यात्री पिछले 48 घंटों से भूखे-प्यासे बेहाल हैं। दरअसल एनएच पर वाहनों के पहिए पूरी तरह थम से गए हैं और चंद किलोमीटर की दूरी तय करने में भी घंटों का वक्त लग रहा है।

हड़ताल पर अंचल अधिकारी

पटना। जिले के चौथम अंचल में सोमवार से अंचलाधिकारी और राजस्व अधिकारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इस हड़ताल के कारण अंचल में किसान रजिस्ट्रेशन, भूमि संबंधी दस्तावेज और राजस्व से जुड़े सभी कार्य ठप हो गए हैं। इसके अलावा जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र बनाने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हड़ताल बिहार राज्य राजस्व अधिकारी संघ के आह्वान पर शुरू हुई है। संघ ने अपनी मांगों के समाधान तक राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की थी। इसके बाद चौथम अंचल के अधिकारी भी हड़ताल में शामिल हो गए, जिससे अंचल कार्यालय का कामकाज पूरी तरह से बंद हो गया।

सड़क हादसे में दो की मौत

नालंदा। जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों घटनाओं ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है।

अनंत सिंह लेंगे शपथ

पटना। बिहार विधानसभा में मंगलवार को एक खास अवसर होने जा रहा है। जेल में बंद बहुचर्चित JD(U) विधायक अनंत सिंह विधानसभा में शपथ लेंगे। इसके लिए उन्हें कोर्ट से विशेष अनुमति प्राप्त हुई है। कोर्ट की ओर से दी गई इस अनुमति के बाद अनंत सिंह कल दिन में विधानसभा पहुंचेंगे और विधायक के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार सुबह ग्यारह बजे अनंत सिंह को शपथ दिलाएंगे। यह शपथ समारोह विधान भवन में आयोजित किया जाएगा। अनंत सिंह की यह शपथ विधायकी में उनकी वापसी को लेकर राजनीति और सामाजिक दृष्टिकोण से भी काफी चर्चा का विषय बनी हुई है।

कफन बांधकर निकले छात्र

पटना। शहर में UGC के नए नियम लागू करने की मांग को लेकर छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। पटना कॉलेज से गांधी मैदान तक मार्च निकाल रहे छात्रों को पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास रोक दिया। यहां पहले से बैरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शनकारी छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे और कुछ ही देर में उसे तोड़कर आगे बढ़ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भारी बल तैनात किया और वाटर कैनन मंगाई। एहतियातन इलाके में वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई।

हथकड़ी में कैदी पहुंचा पेपर सेंटर

जहानाबाद। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की इंटरमीडिएट परीक्षा 2 फरवरी से शुरू होकर 13 फरवरी तक चलेगी। राज्यभर के 1,762 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में हो रही परीक्षा में कुल 13,17,846 परीक्षार्थी शामिल हैं, जिनमें 6,75,844 छात्राएं और 6,42,002 छात्र हैं। पहली पाली में बायोलॉजी का पेपर हुआ, जिसे छात्रों ने आसान बताया, जबकि दूसरी पाली में इकोनॉमिक्स की परीक्षा आयोजित की गई। एक कैदी हथकड़ी लगाकर परीक्षा देने पहुंचा। पटना के शास्त्रीनगर केंद्र पर मुस्लिम छात्राओं के हिजाब हटवाए गए। गोपालगंज, पटना समेत कई जिलों में जूते-बेल्ट उतरवाए गए, जिससे ठंड में छात्रों को नंगे पांव परीक्षा देनी पड़ी। छात्राओं के लिए बनाए गए मॉडल सेंटर को फूल-बैलून से सजाया गया और टीका लगाकर स्वागत किया गया।

राज्यपाल के अभिभाषण पर तेजस्वी का बड़ा बयान

पटना। बिहार बजट सत्र के पहले दिन यानी की आज सोमवार को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने अभिभाषण के दौरान राज्यपाल ने दोनों सदनों को संयुक्त रूप से संबोधित किया और बिहार सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। राज्यपाल के अभिभाषण पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है।
तेजस्वी यादव ने राज्यपाल के अभिभाषण पर सवाल उठाते हुए कहा कि, सब कुछ पुराना ही है। कुछ नया नहीं है। सरकार के अधिकारी, जो लिख कर देते हैं। वही राज्यपाल पढ़ देते हैं। उन्होंने कहा कि, राजपाल के अनुशासन में केवल हरियाली दिखाई गई है, जबकि हकीकत इससे काफी दूर है।

मीशा का सरकार पर तंज

संसद में आज सोमवार को बजट सत्र का तीसरा दिन है। संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा होगी। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल राष्ट्रपति के अभिभाषण के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पेश करेंगे।
राजद नेताओं ने संसद परिसर में बिहार से जुड़ी विभिन्न मांगों और मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके हाथों में पोस्टर भी नजर आए, जिसमें लिखा था- मोदी-नीतीश बिहार को ठगना बंद करो विशेष राज्य का दर्जा दो। वहीं, नीट छात्रा मौत मामले में बिहार सरकार पर अपराधियों के साथ गठजोड़ का गंभीर आरोप लगाया।

बगीचे में मिली लाश

कैमूर। जिले के नुआंव थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, कारीराम गांव निवासी उमा शंकर सिंह के पुत्र श्रवण कुमार सिंह रविवार शाम घर से नुआंव बाजार मार्केट करने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, पर उनका कोई पता नहीं चला।
रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि नुआंव बाजार स्थित इंडियन गैस एजेंसी के सामने सड़क पार एक बगीचे में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश की। बाद में पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान श्रवण कुमार सिंह के रूप में की।