Bihar Top News Today 04 april 2026: बिहार (BIHAR) में आज 04 अप्रैल को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

पुलिस और अपराधियों के बीच एनकाउंटर

बेगूसराय। बिहार में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन क्लीन जारी है। ताजा मामला बेगूसराय जिले का है जहां एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की अपराधियों के साथ सीधी मुठभेड़ हुई है। इस गोलीबारी में एक अपराधी को गोली लगने की सूचना है जबकि पुलिस ने अब तक चार बदमाशों को दबोच लिया है।

कांग्रेस का मिशन टैलेंट हंट

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में पिछले प्रदर्शन से सबक लेते हुए कांग्रेस अब राज्य में अपनी जड़ों को मजबूत करने की कवायद में जुट गई है। इसी कड़ी में शनिवार को पटना में क्षेत्रीय स्तर पर नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर से ऐसे प्रभावशाली व्यक्तित्वों को तलाशना और प्रशिक्षित करना है जो जिला राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जनता की आवाज बन सकें।

राजभूषण निषाद का बयान

बिहार सरकार के कामकाज और राज्य की वर्तमान स्थिति पर केंद्रीय मंत्री राजभूषण निषाद ने अपनी महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने न केवल शराबबंदी के सकारात्मक प्रभावों पर चर्चा की बल्कि बढ़ते अपराध और जमीनी विवादों पर भी सरकार का रुख साफ किया। ​केंद्रीय मंत्री ने शराबबंदी कानून का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि इस फैसले से आम जनता विशेषकर गरीब परिवारों को बड़ा फायदा हुआ है। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ लोग तंत्र में सेंध लगाकर गड़बड़ी करने की कोशिश कर रहे हैं। निषाद ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सरकार ऐसे तत्वों को बख्शने के मूड में नहीं है। पुलिस और प्रशासन लगातार छापेमारी कर रही है और जो भी इस अवैध कारोबार में संलिप्त पाया जा रहा है, उसे न केवल पकड़ा जा रहा है बल्कि कठोर सजा भी दिलवाई जा रही है।

शराब यमराज बनकर ले रही जान

पटना। सांसद सुधाकर सिंह ने बिहार में शराबबंदी की विफलता और राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। उन्होंने दो टूक कहा कि बिहार में शराब अब केवल एक प्रतिबंधित वस्तु नहीं बल्कि यमराज की भूमिका में है जो मासूमों की जान ले रही है। ​सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया कि शराब तस्करी का पैसा केवल निचले स्तर तक सीमित नहीं है बल्कि यह सरकारी दफ्तरों से होता हुआ राजधानी पटना तक पहुंचता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब भी कोई मामला सामने आता है तो केवल छोटे कर्मचारियों या चौकीदार पर गाज गिरा दी जाती है जबकि बड़े अधिकारी और दरोगा सुरक्षित बच निकलते हैं। उनके अनुसार पूरा सरकारी तंत्र तस्करों के चंगुल में है और सरकार उन्हें प्रत्यक्ष संरक्षण दे रही है।

दो ट्रकों के बीच में फंसा बाइक सवार, मौत

वैशाली। जिले के जंदाहा प्रखंड अंतर्गत चखुरदी गांव के समीप शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। जंदाहा-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर दो तेज रफ्तार ट्रकों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। इस भीषण दुर्घटना की चपेट में एक मोटरसाइकिल भी आ गई जिससे स्थिति और अधिक भयावह हो गई।

वकील के दफ्तर में ब्लैकमेलिंग का खेल

पटना। शहर के शास्त्री नगर इलाके में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो कानून की आड़ में अपराध का साम्राज्य चला रहा था। पुलिस ने एक कथित हाईकोर्ट वकील और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। इन पर एक युवक को बंधक बनाने, मारपीट करने और उसका न्यूड वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप है।

आरक्षक को दौड़ा – दौड़ा कर पीटा

कटिहार। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहा फलका थाने की पुलिस हिरासत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश की लहर दौड़ गई और उग्र भीड़ ने घंटों तक जमकर उत्पाद मचाया। प्रशासन ने स्थिति को बिगड़ते देख फलका थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

बिहार भाजपा का मिशन जनसंपर्क

पटना। ​भारतीय जनता पार्टी अपने 45वें स्थापना दिवस को एक भव्य उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी कर रही है। इस विशेष अवसर पर पार्टी केवल उत्सव ही नहीं मनाएगी बल्कि जन-जन तक अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान भी चलाएगी। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इसकी विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि आगामी 6 अप्रैल को भाजपा अपने स्थापना के 45 वर्ष पूरे कर रही है।

मंत्री के समधी के घर फायरिंग

पटना/मनेर। राजधानी से सटे मनेर थाना क्षेत्र के ब्यापुर गांव में शुक्रवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी राजेंद्र सिंह के आवास पर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई। जमीनी विवाद को लेकर शुरू हुआ यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मासूम से सामूहिक दुष्कर्म

पटना। राजधानी के परसा बाजार थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है जहां रिश्तों का कत्ल करते हुए एक कलयुगी चाचा ने अपनी ही 3 वर्षीय भतीजी को हवस का शिकार बनाया। इस जघन्य अपराध में युवक के दो दोस्त भी शामिल थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चाचा और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि तीसरे की तलाश जारी है।