Bihar Top News Today 04 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 04 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

खाकी बनी रक्षक

बिहार के मोतिहारी में खाकी का एक ऐसा मानवीय चेहरा सामने आया है, जिसकी चारों ओर प्रशंसा हो रही है। नगर थाना पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो युवकों को समय पर इलाज मिल सका, जिससे उनकी जान बच गई।
​घटना नगर थाना क्षेत्र के गांधी मैदान के समीप मजुराहा रोड की है। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक छिटककर दूर झाड़ियों में जा गिरे और बेहोश हो गए। सुनसान जगह होने के कारण काफी देर तक किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी।

16 लाख के स्मार्टफोन चोरी

पटना। जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के कन्हौली बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने दुकान से करीब 16 लाख रुपये मूल्य के 72 स्मार्टफोन समेत अन्य सामान उड़ा लिए। घटना रविवार की देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के अनुसार चोर दुकान के पिछले रास्ते से अंदर घुसे। पहले एक आरोपी ने शटर काटा और फिर अपने दो साथियों को अंदर बुला लिया। तीनों बदमाशों ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। महज पांच मिनट के भीतर उन्होंने 72 स्मार्टफोन और मोबाइल से जुड़े अन्य सामान कार्टन में भर लिए। हैरानी की बात यह है कि चोर एक वॉशिंग मशीन भी साथ ले गए। सामान ले जाते हुए तीनों आरोपी सीसीटीवी में स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, हालांकि चेहरा ढका होने के कारण पहचान नहीं हो पाई है।

जेडीयू में मंथन

पटना। ​बिहार के सियासी हलकों में यह खबर आग की तरह फैल रही है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद या उनके पुत्र निशांत कुमार राज्यसभा जा सकते हैं। सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के मुताबिक, पार्टी के भीतर इस पर मंथन का दौर अंतिम चरण में है। होली के ठीक बाद इस बड़े कदम के साथ जेडीयू अपनी भविष्य की रणनीति को नया मोड़ देने की तैयारी में है।

आवारा कुत्ते का तांडव

मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। जिले के पताही प्रखंड अंतर्गत बोकाने कला गांव में उस वक्त अफरातफरी का माहौल कायम हो गया, जब एक खूंखार आवारा कुत्ते ने राह चलते मासूमों पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस घटना में कोचिंग से शिक्षा ग्रहण कर घर वापस लौट रहे करीब एक दर्जन से अधिक बच्चे गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।

करोड़ों का पुल ढहा

गोपालगंज। जिले के सिधवलिया प्रखंड स्थित गंगवा गांव में घोघारी नदी पर निर्माणाधीन आरसीसी पुल ढलाई के दौरान ही भरभराकर गिर गया। करीब 29 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण लगभग 2 करोड़ 89 लाख 21 हजार रुपये की लागत से किया जा रहा था। हादसा उस वक्त हुआ जब स्लैब की ढलाई चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक तेज आवाज हुई और पूरा ढांचा ताश के पत्तों की तरह ढह गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई मजदूर हताहत नहीं हुआ।

दूल्हे की मांग लेकर आयोग पहुंची महिला

पटना। बिहार राज्य महिला आयोग में एक अनोखा पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। फुलवारी शरीफ के दानापुर चक की रहने वाली 38 वर्षीय महिला ने अपने पिता और तीन भाइयों के खिलाफ आवेदन देकर आरोप लगाया है कि वे उसकी दूसरी शादी नहीं करवा रहे हैं। महिला की पहली शादी अप्रैल 2017 में गयाजी में हुई थी, लेकिन शादी के महज 10 दिन बाद ही वह ससुराल छोड़कर लौट आई। उसका आरोप था कि उसका पति नपुंसक है। बाद में दोनों के बीच तलाक हो गया और महिला को एलिमनी के तौर पर 9 लाख रुपये मिले, जिसे उसने एफडी में जमा करा दिया।

गुजरात फैक्टरी हादसा

गया। जिले के इमामगंज प्रखंड की झिकटिया ग्राम पंचायत स्थित उरदाना गांव में शनिवार को 28 वर्षीय बीरू पासवान का पार्थिव शरीर पहुंचते ही मातम छा गया। उनकी मौत 1 मार्च को गुजरात की एक निजी स्टील फैक्टरी में हुए हादसे में हो गई थी। शव के गांव पहुंचते ही सैकड़ों ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।

ROB के नीचे लगी भीषण आग

राजधानी पटना आज होली की सुबह रूपसपुर इलाके में अचानक भीषण आग लग गई। रूपसपुर आरओबी के नीचे लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिससे इलाके के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक आज बुधवार की सुबह उन्होंने अचानक धुआं उठता दिखा।
पहले लोगों को लगा कि सामान्य आग है, लेकिन देखते ही देखते लपटें ऊंची और तेज होने लगीं। आसपास मौजूद लोग होली की तैयारियों में जुटे थे, तभी आग की गर्मी और धुएं से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

दो युवकों की दर्दनाक मौत

​पटना। बिहटा-सरमेरा स्टेट हाईवे-78 पर जमालपुर गांव के समीप बुधवार को एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हुई। दो बाइकों की टक्कर के बाद पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने सड़क पर गिरे युवकों को कुचल दिया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
​चश्मदीदों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि अज्ञात वाहन एक युवक के शव को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे शव क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर लाशों के टुकड़े बिखर गए।

30 जूनियर डॉक्टर्स पर FIR

​पटना। राजधानी के प्रतिष्ठित PMCH (पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल) में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। करीब 25-30 जूनियर डॉक्टरों पर आरोप है कि उन्होंने इलाज के लिए आए मरीज और उनके परिजनों के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उनसे मोबाइल और कीमती सामान से भरा ट्रॉली बैग भी छीन लिया।