Bihar Top News Today 06 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 06 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
कल जदयू में शामिल होंगे निशांत
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार आधिकारिक तौर पर राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेताओं ने पुष्टि की है कि निशांत कुमार शनिवार को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इस फैसले के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और इसे जदयू के भविष्य के लिए एक ‘मास्टरस्ट्रोक’ माना जा रहा है।
UPSC में लहराया परचम
पटना। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इस बार बिहार की प्रतिभा ने फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। मुजफ्फरपुर के सरैयागंज इलाके के रहने वाले राघव झुनझुनवाला ने ऑल इंडिया रैंक 4 (AIR-4) हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। वहीं, रणवीर सेना के सुप्रीमो रहे ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती आकांक्षा सिंह ने यूपीएससी में 301वां रैंक लाकर सफलता हासिल की है।
रिजल्ट घोषित होते ही राघव के पैतृक घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। रिश्तेदार, दोस्त और स्थानीय लोग उनके घर पहुंचकर मिठाई खिलाकर खुशी जता रहे हैं। पूरे शहर में उनकी सफलता को लेकर उत्साह का माहौल है।
भागलपुर में होली पर डबल मर्डर
भागलपुर जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के बोड़वा गांव में होली के दौरान छेड़छाड़ के विवाद में दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र के कोलवार भौरकाट गांव के रहने वाले गुलशन कुमार अपनी पत्नी किरण देवी के साथ 3 मार्च को ससुराल इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर चंडीस्थान आए थे। अगले दिन 4 मार्च को उनके दोस्त नीरज कुमार और आदेश कुमार बाइक से उनके ससुराल पहुंचे।
शॉर्ट सर्किट से 10 घर स्वाहा
किशनगंज। जिले के बहादुरगंज प्रखंड अंतर्गत लौचा पंचायत से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां के वार्ड नंबर 07 स्थित तेघरिया गांव में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते 10 परिवारों के आशियाने उजाड़ दिए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस भीषण अग्निकांड में रिजवान आलम, झरिमन निशां, सलीमउद्दीन, रेहान, गुलफन निशां, खातिब आलम, हसीब, मोहिउद्दीन, अनवारूल और शाइस्ता बेगम के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। अग्नि पीड़ितों के अनुसार, घर में रखा अनाज, कपड़े, नकदी और अन्य कीमती सामान जल जाने से करीब 8 से 10 लाख रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। अब ये परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
कपड़ा दुकान में उचक्कों का तांडव
भागलपुर। जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। शुक्रवार को आत्मा बाजार स्थित एक कपड़े की दुकान में खरीदारी कर रहे एक सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी से उचक्कों ने बड़ी चालाकी से 20 हजार रुपये उड़ा लिए। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित की पहचान महेशी पैन निवासी श्याम रजक के रूप में हुई है। सेवानिवृत्त रेलकर्मी श्याम रजक ने शुक्रवार को एसबीआई की सुल्तानगंज शाखा से 20 हजार रुपये निकाले थे। आशंका जताई जा रही है कि अपराधी बैंक से ही उनका पीछा कर रहे थे। बैंक से निकलने के बाद वे ‘जीवन वस्त्रालय’ नामक दुकान पर धोती-कुर्ता खरीदने पहुंचे थे।
DM का प्रखंड कार्यालय पर छापा
सुपौल। बिहार में सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली सुधारने के उद्देश्य से गुरुवार 5 मार्च को सुपौल DM सावन कुमार ने छातापुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय समेत मनरेगा कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। करीब पौने बारह बजे अचानक पहुंचे डीएम सावन कुमार के निरीक्षण से पूरे कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ, सीओ, मनरेगा पीओ समेत कई कर्मी कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए, जिससे डीएम का गुस्सा सातवें आसमान पर नजर आया।
पिता-बेटे की एक साथ उठी अर्थी
मुजफ्फरपुर। जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। असम में मजदूरी कर घर लौट रहे पिता-पुत्र की एक साथ अर्थी उठी। जहां बेटे की मौत ट्रेन से गिरकर हुई, वहीं जवान बेटे के जाने का सदमा पिता सहन नहीं कर सके और उन्होंने भी रास्ते में ही दम तोड़ दिया। साहेबगंज के चकवा जगदीशपुर निवासी शंभू राय (68) और उनका बेटा विजय कुमार (45) डिब्रूगढ़ से ट्रेन पकड़कर होली मनाने गांव आ रहे थे। 3 मार्च को सफर के दौरान विजय ट्रेन के गेट के पास खड़ा था। न्यू जलपाईगुड़ी और कटिहार के बीच अचानक संतुलन बिगड़ने से वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
PM मोदी के पोस्टर पर पोती कालिख
पटना। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। गुरुवार को उन्होंने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। इसके बाद राज्य में नई सरकार के गठन और नेतृत्व को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक गलियारों में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि राज्य में मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी और सरकार का अगला स्वरूप कैसा होगा। इसी मुद्दे को लेकर आज शाम 5 बजे मुख्यमंत्री आवास पर जेडीयू की अहम बैठक बुलाई गई है। बैठक में पार्टी के सांसद, विधायक और विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) शामिल होंगे। माना जा रहा है कि यह बैठक आने वाले राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण होगी।
सीमांचल में ऑपरेशन क्लीन
किशनगंज। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया सीमांचल दौरे ने भारत-नेपाल और भारत-बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा और जनसांख्यिकीय बदलाव की बहस छेड़ दी है। अररिया के सिकटी से शाह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सीमा के 10 किलोमीटर के दायरे में मौजूद हर अवैध अतिक्रमण और घुसपैठिए पर कड़ा एक्शन होगा। किशनगंज जिला सामरिक रूप से भारत का सबसे संवेदनशील ‘चिकन नेक’ हिस्सा है। बांग्लादेश बॉर्डर के काकरोदा और पंडित बस्ती जैसे इलाकों में आबादी अंतरराष्ट्रीय सीमा के महज 200 मीटर के दायरे में बसी है। वहीं, नेपाल बॉर्डर पर खुली सीमा और बिना फेंसिंग के घर सुरक्षा एजेंसियों के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। स्थानीय प्रशासन अब होली के बाद इन अवैध निर्माणों को चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू कर सकता है।
एसिड अटैक में 4 लोग झुलसे
किशनगंज। जिले से आपसी रंजिश में तेजाब फेंकने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुखानी थाना क्षेत्र के कादोगांव में गुरुवार की रात मामूली विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि एक पक्ष ने दूसरे पर एसिड से हमला कर दिया। इस घटना में चार लोग आंशिक रूप से झुलस गए हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

