Bihar Top News Today 08 february 2026: बिहार (BIHAR) में आज 08 फरवरी को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

तेज प्रताप यादव का रिश्ते से इनकार

पटना। जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। रविवार को अनुष्का यादव के मां बनने और एक बेटी को जन्म देने की खबर के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई। इस संवेदनशील मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए तेज प्रताप यादव ने कड़ा रुख अपनाया है और अनुष्का यादव या उनके नवजात बच्चे के साथ किसी भी प्रकार के संबंध को सिरे से खारिज कर दिया है।

अनिरुद्धाचार्य की कथा में भगदड़

मोतिहारी। बिहार के रक्सौल में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज के पंडाल में प्रवेश करते ही भीड़ अनियंत्रित हो गई। भक्तों का उत्साह इस कदर था कि उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार पर लगा लोहे का गेट तक उखाड़ दिया। ​जैसे ही महाराजी ने प्रवेश किया, उनके साथ अंदर घुसने की होड़ में हजारों श्रद्धालु एक साथ गेट पर टूट पड़े। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने स्थिति को बिगड़ता देख और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पंडाल के बाहर भगदड़ मच गई। इस दौरान गिरने और दबने से कई महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है।

​बिहार में चहुंओर अराजकता

​पटना। बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार की घेराबंदी तेज कर दी है। दरभंगा में 6 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म और हत्या की हालिया घटना को लेकर उन्होंने प्रदेश की स्थिति को अराजक करार दिया है।

छात्र की गंगा में डूबने से मौत

भागलपुर। जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां इंटरमीडिएट की परीक्षा देने आए एक 18 वर्षीय छात्र की गंगा नदी में डूबने से जान चली गई। यह हादसा रविवार सुबह सबौर थाना क्षेत्र में हुआ। मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के छोटी भरगामा निवासी मुकेश कुमार (पिता- चितरंजन यादव) के रूप में हुई है।
​मुकेश अपनी इंटर की परीक्षा के लिए भागलपुर आया हुआ था। वह सबौर थाना क्षेत्र के बाबूपुर (वार्ड नंबर 3) में अपने फूफा संजय यादव के घर पर रुका था। रविवार की सुबह वह अपने एक साथी के साथ गंगा स्नान के लिए घाट पर गया था। स्नान के दौरान गहराई का अंदाजा न मिलने और पानी का बहाव तेज होने के कारण वह अनियंत्रित होकर गहरे पानी में समा गया।

​बिहार कांग्रेस में बगावत

कैमूर। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद से ही शांत दिख रही प्रदेश कांग्रेस के भीतर की अंतर्कलह अब खुलकर सड़कों पर आ गई है। पार्टी के वर्तमान प्रदेश नेतृत्व और कार्यप्रणाली से नाराज दिग्गज नेताओं ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। इसी कड़ी में कांग्रेस के समर्पित नेताओं ने ‘बिहार कांग्रेस बचाओ अभियान’ का बिगुल फूंक दिया है, जिसके तहत आगामी 17 मार्च को राजधानी पटना में एक विशाल महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

नए मिशन पर नितिन नवीन

​पटना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कमान संभालने के बाद नितिन नवीन पहली बार राजधानी पटना पहुंच रहे हैं। उनके इस पहले बिहार आगमन को लेकर प्रदेश भाजपा ने भव्य स्वागत की व्यापक तैयारियां की हैं। कल पटना एयरपोर्ट पर उनके उतरते ही कार्यकर्ताओं का हुजूम उनका स्वागत करेगा, जिसके बाद पूरा शहर भाजपा के रंग में रंगा नजर आएगा।

महिला के घर से लाखों के आभूषण गायब

कैमूर। एक तरफ जहां सोने की कीमतें आसमान छू रही हैं, वहीं दूसरी तरफ चोरों की सक्रियता ने आम जनता की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र का है, जहां वार्ड नंबर 7 में अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मामूली विवाद बना खूनी खेल

गोपालगंज। जिले के नगर थाना क्षेत्र के दरगार रोड (वार्ड-25), खजूरिया गांव में रास्ते के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई इस मारपीट में एक ही परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय ‘मॉडल अस्पताल’ में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।

​पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर भड़के तेजस्वी

पटना। पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी ने बिहार की सियासत में उबाल ला दिया है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के समर्थन के बाद अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव भी उनके पक्ष में मजबूती से उतर आए हैं। तेजस्वी ने इस कार्रवाई को ‘तानाशाही’ करार देते हुए केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है।

जदयू में शामिल वामपंथी नेता

पटना। वामपंथी नेता रहे स्वर्गीय केदार पांडे के बेटे पुष्कर आनंद आज रविवार (8 फरवरी) को जदयू में शामिल हो गए। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने उन्हें प्राथमिक सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहें।
केदार पांडे अपने अंतिम दिनों तक वामपंथी दलमें रहे। उनके बेटे पुष्कर आनंद भी वामपंथी दल में थे। हालांकि अब उन्होंने सीएम नीतीश कुमार पर विश्वास जताते हुए जदयू का दामन थाम लिया है।