Bihar Top News Today 09 february 2026: बिहार (BIHAR) में आज 09 फरवरी को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
JJD करेगी पैदल मार्च
पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़े धमाके के संकेत मिल रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के भीतर मचे घमासान के बीच लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने बगावती तेवर अपनाते हुए आरजेडी के ‘जयचंदों’ के खिलाफ खुले युद्ध का ऐलान कर दिया है। सोमवार को पटना में अपने संगठन जनशक्ति जनता दल (JJD) की बैठक के बाद तेज प्रताप ने घोषणा की कि वे जल्द ही बिहार के सभी 38 जिलों में पैदल मार्च करेंगे।
तेज प्रताप का यह कदम न केवल पार्टी के भीतर की दरार को दर्शाता है, बल्कि लालू परिवार के आंतरिक कलह को भी सड़क पर ले आया है।
हाईवा बाइक की टक्कर
सासाराम। रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरा तालाब आयरकोठा पथ पर एक सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 39 वर्षीय रामप्रवेश कुमार के रूप में हुई है, जो अमरा तालाब के निवासी बताए जाते हैं और हलवाई का काम करते थे।
सदन में संग्राम
पटना। बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र के दौरान सोमवार को भारी हंगामे की स्थिति बनी रही। राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, विशेषकर बलात्कार और हत्या की हालिया घटनाओं को लेकर विपक्षी सदस्यों ने सरकार को जमकर घेरा। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने सरकार से जवाब की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके कारण सदन के भीतर तीखी नोकझोंक और गतिरोध देखने को मिला।
न्यायालय के समक्ष हाई वोल्टेज ड्रामा
सासाराम। जिला व्यवहार न्यायालय सासाराम के समक्ष बीच सड़क उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब पैसे के विवाद को लेकर एक वकील और मुवक्किल आपस में हंगामा करने लगे। दरअसल मुवक्किल एवं उसके परिवार वाले अधिवक्ता के वाहन का रास्ता रोककर वकील द्वारा केस के नाम पर ली गई राशि को वापस मांग रहे थे। इस दौरान व्यवहार न्यायालय के बाहर हंगामा होता देख तत्काल मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि कोर्ट के द्वार पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह हंगामा कर रहे लोगों को दूर हटाया और फिर मामला पुलिस तक जा पहुंचा।
परिवहन कार्यालय में बड़ी कार्रवाई
वैशाली की जिलाधिकारी बर्षा सिंह के सख्त रुख ने सोमवार को जिला परिवहन कार्यालय (DTO) में व्याप्त भ्रष्टाचार की पोल खोल दी। लंबे समय से मिल रही अवैध वसूली और बिचौलियों की सक्रियता की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए डीएम ने अचानक धावा बोला, जिससे कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।
जयचंद पर सियासी घमासान
पटना। नीट छात्रा के मामले के बाद दरभंगा में एक मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी ने राज्य को झकझोर दिया है। इस पर जदयू के विधान पार्षद नीरज कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट सामने आ चुकी है और मुख्य आरोपी (दरिंदा) पुलिस की गिरफ्त में है। सरकार का संदेश साफ है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
शिक्षक बहाली विवाद
पटना। बिहार में शिक्षक बहाली की राह देख रहे अभ्यर्थियों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। सोमवार को राजधानी पटना की सड़कें एक बार फिर सरकार विरोधी नारों और भारी हंगामे की गवाह बनीं। BPSC द्वारा जारी परीक्षा कैलेंडर में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) का जिक्र न होने से नाराज हजारों अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज से जेपी गोलंबर तक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
पप्पू यादव को बड़ा झटका
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की जमानत याचिका पर आज होने वाली सुनवाई टल गई है। दरअसल, जिस कोर्ट में पप्पू यादव के जमानत पर सुनवाई होनी थी, उस कोर्ट को बम समें उड़ाने की धमकी मिली है, जिसके बाद अदालत परिसर में हड़कंप मच गया। वहीं, सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए सुनवाई को स्थगित करना पड़ा।
सुनवाई स्थगित होने के बाद पप्पू यादव को फिलहाल बेऊर जेल में ही रहना पड़ेगा। ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की पप्पू यादव की जमानत याचिका पर अगली सुनवाई कब होती है? गौरतलब है कि पटना पुलिस ने बीते शुक्रवार की देर रात एक 31 साल पुराने मामले में पप्पू यादव को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत भी खराब हो गई थी।
गला घोंटकर हत्या
बिहार के नवादा में सरस्वती पूजा के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान सुभाष कुमार (25) के रूप में हुई है, जो अपनी माता-पिता का इकलौता पुत्र था। घटना गुरुवार (5 फरवरी) रात की है, जबकि पूरा मामला पकरीबरावां थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव की है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में मातम छाया हुआ है।
विवाहिता की मौत
रोहतास। जिले के करगहर थाना क्षेत्र के परानडीहरा गांव में रविवार को एक विवाहिता ने पारिवारिक कलह से तंग आकर सल्फास की गोली खाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान सुनैना कुमारी के रूप में हुई है। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सल्फास की गोली खाने के बाद जब महिला की तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे करगहर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


