Bihar Top News Today 10 february 2026: बिहार (BIHAR) में आज 10 फरवरी को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
ईडी की छापेमारी
सुपौल। जिले से बड़ी खबर है, जहां मंगलवार की अहले सुबह आयकर विभाग की टीम ने पनोरमा ग्रुप के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। आयकर विभाग की यह छापेमारी मुख्य रूप से पनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर केंद्रित है।
पुलिस की बड़ी कामयाबी
जहानाबाद। जिले में अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एसपी अपराजित लोहान के निर्देशन में चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान (स्पेशल ड्राइव) के दौरान पुलिस ने कुल 110 आरोपितों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
दुर्घटनाओं में 4 की मौत
सासाराम। रोहतास जिले में मंगलवार को तीन अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कुल सात लोग घायल बताए जाते हैं। हालांकि इन सड़क हादसों में घायल कई लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, वहीं कुछ लोगों को हल्की-फुल्की चोटें आईं हैं।
युवक की गोली मारकर हत्या
मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। राजनगर थाना क्षेत्र के राघोपुर बलाट पंचायत में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक को गोलियों से भून दिया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय जयराम के रूप में हुई है, जो एक साइबर कैफे में काम करता था। जानकारी के अनुसार, जयराम अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उसे निशाना बनाया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
रणक्षेत्र बना रामपट्टी चौक हत्या की खबर मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को रामपट्टी चौक पर रखकर नेशनल हाईवे (NH) जाम कर दिया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब गुस्साए लोगों ने मौके पर पहुंची पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे और अपनी जान बचाने के लिए उन्हें रामपट्टी हाई स्कूल परिसर में शरण लेनी पड़ी। उग्र भीड़ ने डीएसपी सहित दर्जनों पुलिसकर्मियों को घंटों स्कूल के भीतर बंधक बनाए रखा।
गैस पाइपलाइन बिछाने को लेकर अतिक्रमण
मुजफ्फरपुर। जिले में गैस पाइपलाइन बिछाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को अभियान के दौरान स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा, जिसके बाद रोड जाम और आगजनी की घटना सामने आई। घटना पटना मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर स्थित बालू घाट के कमरा मोहल्ला, स्विच गेट के पास की है, जहां प्रशासन द्वारा सरकारी जमीन पर बने कई मकानों को तोड़ा गया। बताया जा रहा है कि ये सभी मकान सरकारी भूमि पर अवस्थित थे। अभियान के दौरान उस वक्त स्थिति बिगड़ गई जब लाल बाबू नामक व्यक्ति ने अपने मकान को तोड़े जाने का विरोध करते हुए कहा कि जब तक उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था नहीं दी जाएगी, तब तक वे अपना मकान नहीं टूटने देंगे। लाल बाबू को आंशिक राहत मिलने की सूचना के बाद जिन लोगों के मकान पहले ही तोड़े जा चुके थे, वे आक्रोशित हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और आगजनी शुरू कर दी, जिससे करीब एक घंटे से अधिक समय तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
पवन सिंह को जमानत
रोहतास जिले के डेहरी व्यवहार न्यायालय से मंगलवार को भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के एक पुराने मामले में जमानत मिल गई है। बीते लोकसभा चुनाव के दौरान हीं आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिस पर कोर्ट द्वारा उन्हें सम्मन भेजा गया था। हालांकि कोर्ट में पेश होने के बाद भोजपुरी स्टार मीडिया से बचते हुए निकल गये और उन्होंने कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया।
नीट छात्रा की मौत पर बवाल
पटना। बिहार की राजधानी पटना मंगलवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गई। NEET छात्रा की संदिग्ध मौत और राज्य में बढ़ते महिला अपराधों के खिलाफ AISA और AIPWA की कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेराव के लिए मार्च निकाला। गांधी मैदान से शुरू हुआ यह प्रदर्शन तब हिंसक हो गया जब डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने उग्र भीड़ को रोकने के लिए लाठीचार्ज कर दिया।
पप्पू यादव को भेजा नई रिमांड पर
पटना। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार को पटना की MP-MLA कोर्ट ने उन्हें 31 साल पुराने एक अपहरण मामले में जमानत तो दे दी, लेकिन इसके बावजूद वे फिलहाल बेऊर जेल से बाहर नहीं आ सकेंगे। पप्पू यादव की रिहाई की उम्मीदों पर तब पानी फिर गया जब पटना पुलिस ने कोतवाली और बुद्धा कॉलोनी थानों में दर्ज दो नए मामलों में उनकी प्रोडक्शन रिमांड की मांग की। कोर्ट ने पुलिस की इस अर्जी को स्वीकार कर लिया, जिसके चलते सांसद को अब इन नए मामलों की न्यायिक प्रक्रिया से गुजरना होगा और वे अभी जेल में ही रहेंगे।
बिहार सदन में संग्राम
पटना। मंगलवार को जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, राजद (RJD) के विधान पार्षदों ने पिछले दिनों हुए विवादों को लेकर सरकार को घेरना शुरू कर दिया। देखते ही देखते सदन का माहौल गरमा गया। राजद सदस्य वेल में आकर नारेबाजी करने लगे। स्थिति को अनियंत्रित होते देख सभापति ने कड़ा रुख अपनाया और विपक्षी एमएलसी को पूरे दिन के लिए सदन से निष्कासित कर दिया। मार्शलों की मदद से विपक्षी सदस्यों को सदन से बाहर निकाला गया।
सड़कों पर उतरी कांग्रेस
नालंदा। जिले में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिगुल फूंक दिया है। पार्टी ने मनरेगा योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाने और बजट में कटौती के विरोध में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार का यह कदम न केवल राष्ट्रपिता का अपमान है, बल्कि गरीबों के पेट पर लात मारने जैसा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


