Bihar Top News Today 11 april 2026: बिहार (BIHAR) में आज 11 अप्रैल को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
रेड के दौरान पुलिसकर्मी घायल
बेगूसराय। जिले में शनिवार को एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम बम विस्फोट की चपेट में आ गई। इस हादसे में दो एएसआई (ASI) और एक एसटीएफ (STF) जवान समेत कुल 5 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। यह टीम दरभंगा में हुई 2 करोड़ रुपये की बड़ी ज्वेलरी लूट के मामले में साक्ष्य जुटाने और लूटा गया सोना बरामद करने वृंदावन गांव पहुंची थी।
खून-पसीने की मेहनत हुई स्वाहा
रोहतास। जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां किसानों की साल भर की गाढ़ी कमाई और खून-पसीने की मेहनत चंद पलों में जलकर खाक हो गई। मामला करगहर थाना क्षेत्र के बसडीहा गांव का है, जहां भीषण आग लगने से 100 बीघे से अधिक क्षेत्र में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है।
तेजस्वी का अभिनंदन समारोह
पटना। राजधानी के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित राजद (RJD) अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अभिनंदन समारोह में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपनी राजनैतिक ताकत का प्रदर्शन किया। चांदी का मुकुट पहनकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए तेजस्वी ने साफ कर दिया कि वह आने वाले समय में बिहार की राजनीति की दिशा बदलने के लिए तैयार हैं।
IGIMS ने रचा इतिहास
पटना। बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया है। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) के सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग ने राज्य में पहली बार गॉल ब्लैडर (पित्ताशय) कैंसर के लिए ‘रोबोटिक रैडिकल कोलेसिस्टेक्टॉमी’ को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। यह न केवल संस्थान, बल्कि पूरे बिहार के सरकारी चिकित्सा क्षेत्र के लिए एक क्रांतिकारी कदम है।
9 अप्रैल 2026 को आयोजित इस जटिल सर्जरी का नेतृत्व रोबोटिक गैस्ट्रो सर्जन डॉ. राकेश कुमार सिंह, डॉ. नेत्रानंद और डॉ. दानिश की टीम ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनीष मंडल के मार्गदर्शन में किया। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. आनंतु, डॉ. विभा और डॉ. विनोद वर्मा शामिल रहे। लगभग 5 घंटे चली इस प्रक्रिया में दा विंची XI रोबोटिक मशीन का उपयोग किया गया। चिकित्सकों ने कैंसर को पूरी तरह खत्म करने के लिए पित्ताशय के साथ-साथ लीवर के प्रभावित हिस्से और संबंधित लिम्फ नोड्स को भी सुरक्षित रूप से हटा दिया।
ई-रिक्शा चालक की संदिग्ध मौत
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पिछले तीन दिनों से लापता एक दिव्यांग ई-रिक्शा चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और स्थानीय कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बसवरिया कॉलोनी निवासी युगल दास के रूप में हुई है। युगल दास पेशे से ई-रिक्शा चालक थे और शारीरिक रूप से दिव्यांग थे। शनिवार को लखौरा थाना क्षेत्र के सरसावा पोखरा के समीप उनका शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से मृतक का ई-रिक्शा भी बरामद किया है, जो शव के पास ही खड़ा पाया गया।
मदद करने की चुकाई कीमत
सासाराम। जिले के करगहर थाना क्षेत्र स्थित बराव बाजार में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक ऑटो रिक्शा पर लदा एस्बेस्टस (करकट) अचानक खिसक कर गिरने से एक 15 वर्षीय किशोर की गर्दन कट गई। गंभीर रूप से घायल किशोर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मृतक के गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पहचान बालापुर निवासी रामाशीष शर्मा के पुत्र अभय शर्मा (15 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गांव की ही एक महिला एस्बेस्टस खरीदने के लिए बाजार जा रही थी। उसने सहायता के लिए अभय को भी अपने साथ ले लिया। बराव बाजार से करकट की खरीदारी करने के बाद उसे एक ऑटो रिक्शा की छत पर लाद दिया गया। किशोर को क्या पता था कि जिस सामान की वह सुरक्षा कर रहा है, वही उसकी जान ले लेगा।
स्कूल वैन के उड़े परखच्चे
पटना। राजधानी से सटे खुसरूपुर प्रखंड में शनिवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कटौना-हरदास बीघा फोरलेन पर एक तेज रफ्तार पार्सल वैन ने स्कूल वैन को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूल वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में चालक सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
रिश्वत लेते प्राइवेट मुंशी गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण/आदापुर। पुलिस कप्तान की तमाम सख्ती और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की कोशिशों के बावजूद, आदापुर थाने में भ्रष्टाचार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने शनिवार को आदापुर थाने में छापेमारी कर एक ‘प्राइवेट मुंशी’ को 14,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
रग्बी कोच ने किया शोषण
मुजफ्फरपुर। जिले से खेल जगत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां के तुर्की थाना क्षेत्र में एक महिला रग्बी खिलाड़ी ने अपने कोच, राहुल कुमार महतो पर दुष्कर्म के प्रयास और गंभीर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता ने साहस दिखाते हुए इस मामले की शिकायत पटना के कंकड़बाग थाने में दर्ज कराई है।
NDA गठबंधन में चल रही खींचतान
पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा उलटफेर और सत्ता संघर्ष देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद एनडीए के भीतर मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के पदों को लेकर खींचतान चरम पर पहुंच गई है। नीतीश कुमार ने दिल्ली में राज्यसभा की सदस्यता की शपथ तो ली, लेकिन इसके बाद एनडीए की प्रस्तावित बैठकें अचानक रद्द कर दी गईं। कयास लगाए जा रहे थे कि नीतीश दिल्ली में रुकेंगे, परंतु वे अचानक पटना लौट आए। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेता भी वापस आ गए, जिससे साफ है कि दिल्ली में गठबंधन के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

