Bihar Top News Today 12 april 2026: बिहार (BIHAR) में आज 12 अप्रैल को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
शिवराज करेंगे CM का ऐलान
पटना। बिहार की सियासत में एक बड़े युग का परिवर्तन होने जा रहा है। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद अब एनडीए के भीतर नए मुख्यमंत्री को लेकर मंथन चरम पर है। भारतीय जनता पार्टी ने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को केंद्रीय पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) नियुक्त किया है। शिवराज सिंह का अनुभव और विधायकों की नब्ज पकड़ने की उनकी कला, एनडीए के घटक दलों के बीच सर्वसम्मति बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
14 अप्रैल को कैबिनेट मीटिंग, नीतीश दे सकते इस्तीफा
पटना। नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि यह मौजूदा सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक हो सकती है, जिसके बाद बिहार की सियासत में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
नीतीश कुमार की अध्यक्षता में होने वाली इस मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। सूत्रों के अनुसार, नई सरकार के गठन की सुगबुगाहट के बीच मुख्यमंत्री इस बैठक में कुछ लोकलुभावन और महत्वपूर्ण एजेंडों को मंजूरी देकर अपनी पारी का समापन कर सकते हैं।
पति की पिस्टल से पत्नी की मौत
मुंगेर। जिले में एक सब-इंस्पेक्टर (SI) की पत्नी की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। यह मामला न केवल एक पुलिस अधिकारी की सर्विस रिवॉल्वर से जुड़ा है, बल्कि इसमें प्रेम, बेवफाई और हत्या के गंभीर आरोप भी शामिल हैं।
मुंगेर के सफियासराय थाने में तैनात SI चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी (29) की शनिवार शाम गोली लगने से मौत हो गई। घटना जमालपुर स्थित उनके किराए के घर में हुई। हैरान करने वाली बात यह है कि गोली चंदन की ही सरकारी सर्विस पिस्टल से चली और मधु के सीने को चीरती हुई आर-पार हो गई।
रफ्तार ने ली 13 लोगों की जान
पटना। बिहार के कटिहार में कल शनिवार को हुए बस और पिकअप की टक्कर में मृतकों की सख्ंया बढ़कर 13 हो गई है। इसकी पुष्टि करते हुए डीएम आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि, हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 23 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के क्रम में घायल 3 लोगों की भी मौत हो गई।
बीजेपी के पोस्टर से नितिन नवीन हुए
पटना। राजधानी स्थित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश कार्यालय में उस वक्त असहज स्थिति पैदा हो गई, जब एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बैकग्राउंड पोस्टर से राष्ट्रीय अध्यक्ष (सह-प्रभारी) नितिन नवीन की तस्वीर गायब मिली। यह चूक उस समय सामने आई जब बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती कार्यक्रमों की जानकारी देने वाले थे।
सिलेंडर के लिए महासंग्राम
पटना। शहर के फुलवारीशरीफ इलाके में रसोई गैस की भारी किल्लत से गुस्साए लोगों का सब्र रविवार को टूट गया। चार दिनों से गैस सिलेंडर के लिए भटक रहे उपभोक्ताओं ने सड़क पर उतरकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ में रसोई गैस की किल्लत अब जनाक्रोश में बदल गई है। रविवार सुबह बोचाचक के समीप फुलवारीशरीफ-एम्स मुख्य मार्ग पर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हुए और सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का गुस्सा मुख्य रूप से एचपी गैस एजेंसी के खिलाफ था, जिसके कारण घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
बिहार का अगला CM कौन?
पटना। सीएम नीतीश के राज्यसभा पद की शपथ लेने के बाद से दिल्ली से लेकर बिहार तक सियासी माहौल गरमाया हुआ है। नीतीश कुमार अगले एक-दो दिनों में सीएम पद से भी इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि उनके इस्तीफा देने और नई सरकार के गठन होने से पहले ही सीएम पद को लेकर जदयू और बीजेपी के बीच सियासी पेंच फंसता नजर आ रहा है। हालांकि इन सबके बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का बड़ा बयान सामने आया है।
सड़क हादसे में तीन की मौत
रोहतास। सासाराम में सुबह-सुबह हुए भीषण हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना नगर थाना क्षेत्र के बढ़ईया बाग की है, जहां बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरा इलाका दहल उठा।
प्राइवेट प्रैक्टिस नहीं कर पाएंगे डॉक्टर
पटना। बिहार के अब सरकारी डॉक्टर प्राइवेट क्लीनिक नहीं चला पाएंगे। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अधिसूचना जारी कर दिया है। शनिवार को स्वास्थ्य सचिव लोकेश कुमार सिंह के हस्ताक्षर से जारी संकल्प के बाद अब मेडिकल कॉलेज जिला अस्पतालों और आई जी आई सी के डॉक्टर प्राइवेट प्रैक्टिस नहीं कर पाएंगे। सरकार ने सभी प्रमंडलीय आयुक्त डीएम एवं मेडिकल कॉलेज अधीक्षक को निर्देश दिया है कि इसे तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। वहीं, नियम तोड़ने वाले डॉक्टरों पर सख्त विभाग के कार्रवाई की जाएगी। इसे लागू होने की तारीख और जिला गाइडलाइन जल्द घोषणा किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सात निश्चय तीन के तहत इस बड़े फैसले की मंजूरी दे दी गई है।
बिहार में नहीं चाहिए बुलडोजर बवाल
पटना। बिहार में नए मुख्यमंत्री बनने की चर्चा है। जल्द ही नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। खबर है कि बीजेपी कोटे से मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। वहीं, जदयू के खाते में डिप्टी सीएम का पद आ सकता है। इन सबके बीच आज रविवार (12 अप्रैल) को जदयू कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं की ओर से एक बार फिर पोस्टर लगाया गया है, जिसमें निशांत कुमार को अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग की गई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

