Bihar Top News Today 13 february 2026: बिहार (BIHAR) में आज 13 फरवरी को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
जेल से निकले पप्पू यादव
पटना। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार शाम करीब 6 बजे पटना की बेऊर जेल से रिहा कर दिया गया। कोर्ट ने उन्हें तीन पुराने मामलों में जमानत देते हुए यह शर्त रखी है कि सुनवाई के दौरान उन्हें सशरीर उपस्थित होना होगा। जेल से निकलते ही समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया, लेकिन पप्पू यादव के बोल सरकार और विरोधियों के खिलाफ काफी हमलावर रहे।
प्रेम प्रसंग का खूनी अंत
मुजफ्फरपुर। जिले में एक बार फिर प्रेम प्रसंग के चलते हिंसा की भयावह तस्वीर सामने आई है। शहर में एक 18 वर्षीय किशोर की मारपीट के बाद मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग को लेकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।
पूर्व IPS के घर छापेमारी
पटना। राजधानी में शुक्रवार को पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ दास के आवास पर भारी पुलिस बल ने छापेमारी की। पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित उनके अपार्टमेंट में तीन थानों की पुलिस तलाशी लेने पहुंची। इस कार्रवाई के दौरान अमिताभ दास की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में रूबन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुरानी रंजिश पर युवक की मौत
कैमूर। जिले के रामगढ़ थाना अंतर्गत तेनुआ गांव में पुरानी रंजिश ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। दबंगों द्वारा किए गए जानलेवा हमले में घायल एक युवक ने इलाज के दौरान वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।
छात्रा की मौत पर बवाल
पटना। राजधानी के फुलवारी शरीफ में इंटर की छात्रा पिंकी कुमारी की संदिग्ध मौत ने तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों ने एम्स गोलंबर के पास पटना-औरंगाबाद मार्ग को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक गोपाल रविदास के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में लोगों ने छात्रा की मौत को सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और न्यायिक जांच की मांग की।
साइकिल चोरी पर तालिबानी सजा
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के फेनहारा थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां फेनहारा पश्चिम गांव में महज साइकिल चोरी के संदेह में एक किशोर को बंधक बनाकर बेल्ट से बुरी तरह पीटा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
नालंदा में लगेगा न्याय का महाकुंभ
नालंदा। यदि आप कोर्ट-कचहरी के चक्करों से परेशान हैं और अपने लंबित मामलों का स्थायी समाधान चाहते हैं, तो 14 मार्च की तारीख आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस दिन आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में हजारों मामलों का मौके पर ही निपटारा किया जाएगा।
BSSC अभ्यर्थियों का अल्टीमेटम
पटना। बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं का धैर्य अब जवाब दे रहा है। BSSC द्वितीय इंटर स्तरीय भर्ती और CGL-4 की परीक्षा तिथियों में हो रही देरी को लेकर अभ्यर्थियों ने मोर्चा खोल दिया है। छात्र नेताओं का स्पष्ट कहना है कि यदि सरकार ने जल्द ही स्थिति स्पष्ट नहीं की, तो राज्यव्यापी बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
दयानिधि मारन को कोर्ट का समन
मुजफ्फरपुर। तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी DMK के सांसद दयानिधि मारन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। बिहार की मुजफ्फरपुर कोर्ट ने उत्तर भारतीय महिलाओं पर की गई उनकी कथित विवादित टिप्पणी पर कड़ा संज्ञान लिया है। अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (ACJM-1, पश्चिम) की अदालत ने मारन को समन जारी कर 23 फरवरी 2026 को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है। यह समन 13 फरवरी को रजिस्टर्ड डाक के जरिए भेजा गया है।
सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
बिहार में पिछले कुछ दिनों से लगातार कोर्टों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। बीते दिन पटना सिविल कोर्ट को लगातार 3 दिन बम के जरिए उड़ाने की धमकी मिली थी। वहीं, अब पूर्णिया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी के बाद परिसर में हंडकंप मच गया और काम-काज को ठप करना पड़ा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


