Bihar Top News Today 14 february 2026: बिहार (BIHAR) में आज 14 फरवरी को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

सीएम की सुरक्षा में बड़ी चूक

नालंदा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का शनिवार को नालंदा दौरा प्रशासनिक अव्यवस्था और जन-आक्रोश की भेंट चढ़ गया। कड़ी सुरक्षा के दावों के बीच सीएम के कारकेट (काफिले) में अचानक एक कुत्ता घुस गया, जिससे अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। इस सुरक्षा चूक ने जिला प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पटना में लाखों की लूट

​पटना। राजधानी के पालीगंज अनुमंडल में बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्ती को चुनौती देते हुए एक बड़ी चोरी को अंजाम दिया है। रानीतालाब थाना क्षेत्र के पतुत बाजार स्थित ‘रजनीश ज्वेलर्स’ से चोरों ने करीब 50 से 60 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। साक्ष्यों को मिटाने के लिए शातिर अपराधी दुकान में लगा DVR भी साथ ले गए।

​सहरसा भीषण अग्निकांड

सहरसा। जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है, जहां सलखुआ प्रखंड के उटेसरा पंचायत अंतर्गत पिपरा कोसी बांध के समीप भीषण आग लगने से भारी तबाही मची है। इस अगलगी में देखते ही देखते आधा दर्जन से अधिक परिवार बेघर हो गए और उनकी जीवन भर की कमाई खाक में मिल गई।

प्रसव के दौरान महिला की मौत

पटना। ​जहानाबाद में स्वास्थ्य व्यवस्था की संवेदनशीलता पर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। मखदुमपुर प्रखंड के धरनई गांव निवासी जितेंद्र कुमार की पत्नी खुशबू कुमारी की मौत प्रसव के दौरान एक निजी अस्पताल में हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।

मजदूर संघ की चेतावनी

पटना। भारतीय मजदूर संघ (BMS) के राष्ट्रीय महामंत्री संजय कुमार सिन्हा ने एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। सिन्हा ने सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार उनकी पांच सूत्री मांगों पर ध्यान नहीं देती, तो देश भर में बड़े पैमाने पर आंदोलन छेड़ा जाएगा।

हर जिले में बनेगा गर्ल्स हॉस्टल

रोहतास। ​पूर्व मंत्री एवं विधान पार्षद संतोष कुमार सिंह ने सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए इसे विकासोन्मुख बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह बजट ठोस निर्णयों और वास्तविक सुधारों पर आधारित है, जो लोकलुभावन वादों के बजाय आम जन के कल्याण को प्राथमिकता देता है। ​छात्राओं की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए देश के हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण होगा। बिहार के प्रत्येक जिले में एक हॉस्टल बनने से छात्राओं को सुरक्षित आवास मिलेगा।

कृषि मेला शुरू

मोतिहारी। जिले के पिपराकोठी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में तीन दिवसीय भव्य कृषि मेले का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव और स्थानीय सांसद राधा मोहन सिंह शामिल हुए। अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया।

सिलेंडर ब्लास्ट से तीन घर खाक

​गयाजी। जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र स्थित टिकुली गांव में शुक्रवार दोपहर एक भीषण अग्निकांड हुआ। लक्ष्मीपुर पंचायत के इस गांव में खाना बनाने के दौरान रसोई गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई, जिसके बाद हुए जोरदार धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया।

ED का बड़ा एक्शन

पटना। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के तत्कालीन जनरल मैनेजर और रीजनल ऑफिसर सदरे आलम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में जांच एजेंसी ने आलम की लाखों रुपये की जमीन कुर्क कर ली है। शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में ED ने इस कार्रवाई की पुष्टि की।

दशरथ मांझी के लिए भारत रत्न का प्रस्ताव

पटना। बिहार विधानसभा के मौजूदा सत्र में इतिहास और सम्मान की गूंज सुनाई दी। अतरी (गया) से विधायक रोमित कुमार ने सदन के माध्यम से केंद्र सरकार से दो महान विभूतियों- ‘पर्वत पुरुष’ दशरथ मांझी और बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह (श्रीबाबू) को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ देने की पुरजोर मांग की है।