Bihar Top News Today 16 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 16 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

​चिराग की इफ्तार पार्टी

पटना। शहर में सियासी हलचल के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के दफ्तर में इफ्तार पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। यह मौका न केवल धार्मिक सौहार्द का था, बल्कि राज्यसभा चुनाव में एनडीए की शानदार जीत के जश्न का भी प्रतीक बना। ​इफ्तार के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की रही। मुख्यमंत्री चिराग पासवान के निमंत्रण पर पार्टी कार्यालय पहुंचे, हालांकि उनका प्रवास काफी संक्षिप्त रहा। नीतीश कुमार वहां मात्र 2 मिनट रुके। उन्होंने सबसे पहले दिवंगत नेता रामविलास पासवान की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी, चिराग पासवान से गर्मजोशी से हाथ मिलाया और फिर वहां से प्रस्थान कर गए। उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और एनडीए के अन्य दिग्गज नेता भी मौजूद रहे।

राजेश राम का BJP पर आरोप

पटना। बिहार की सियासत में एक बार फिर NDA का वर्चस्व कायम हुआ है। राज्यसभा की पांच सीटों पर हुए चुनाव में सत्ताधारी गठबंधन ने सभी सीटों पर कब्जा जमा लिया है। जीत के बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नवनिर्वाचित सदस्यों का स्वागत किया। बीजेपी नेता संजय सरावगी ने आधिकारिक तौर पर इस जीत की घोषणा की, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन अब राज्यसभा के सदस्य बन गए हैं। ​कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके विधायकों को डरा-धमका कर वोटिंग से रोका गया। उन्होंने इसे भाजपा की पुरानी कार्यशैली करार दिया। आंकड़ों पर गौर करें तो तेजस्वी यादव और ओवैसी का गठबंधन संख्या बल में पिछड़ गया। महागठबंधन के चार विधायक वोटिंग के लिए पहुंचे ही नहीं। RJD विधायक फैसल रहमान और कांग्रेस के सुरेंद्र कुशवाहा व मनोज विश्वास से पार्टी का संपर्क कटा रहा, जिसका सीधा फायदा NDA को मिला।

राज्यसभा सीटों पर NDA का कब्जा

पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर NDA का दबदबा देखने को मिला है। राज्यसभा की पांच सीटों पर हुए चुनाव में सत्ताधारी गठबंधन ने सभी पांचों सीटों पर कब्जा जमा लिया है। इस शानदार जीत के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन अब राज्यसभा के सदस्य बन गए हैं। बीजेपी नेता संजय सरावगी ने आधिकारिक तौर पर इस जीत का ऐलान किया।

हॉस्टल मालिक को बेल नहीं

पटना। राजधानी के बहुचर्चित NEET छात्रा रेप और मौत मामले में मुख्य आरोपी और शंभू गर्ल्स हॉस्टल के संचालक मनीष रंजन को अदालत से बड़ा झटका लगा है। पटना सिविल कोर्ट (ADJ 6) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मनीष रंजन की जमानत याचिका खारिज कर दी है। हालांकि, फैसले की विस्तृत कॉपी आना अभी बाकी है, लेकिन ओपन कोर्ट में जजमेंट सुना दिया गया है।

​नगर निगम का अरबों का बजट

​बिहारशरीफ। नगर निगम के विकास को नई रफ्तार देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट सोमवार को प्रस्तुत किया गया। महापौर अनीता देवी की अध्यक्षता में आयोजित सशक्त स्थायी समिति की बैठक में लगभग 4.24 अरब रुपये का अनुमानित बजट सदस्यों के सामने रखा गया। इस बजट में शहर के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी गई है।

डूबने से नाबालिग की मौत

भागलपुर। जिले के सबौर प्रखंड अंतर्गत राजंदीपुर गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहां गंगा किनारे अपनी बड़ी मां के साथ गई 8 वर्षीय शिवानी कुमारी की डूबने से मौत हो गई। यह घटना तब और भी मार्मिक हो जाती है जब पता चलता है कि मृतका के सिर पर माता-पिता का साया पहले ही उठ चुका था और वह अपनी बड़ी मां के संरक्षण में पल रही थी।

जेडीयू नेता के भाई पर फायरिंग

मुजफ्फरपुर। जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिसिया तंत्र को चुनौती दी है। ताजा मामला करजा थाना क्षेत्र का है, जहां सोमवार को बाइक सवार सशस्त्र अपराधियों ने जेडीयू नेता धनंजय शर्मा के भाई और प्रतिष्ठित व्यवसायी देवेश शर्मा को अपना निशाना बनाया। लूटपाट में विफल रहने पर बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें वे बाल-बाल बच गए।

डंपर ने बाइक सवारों को रौंदा, मौत

​कैमूर। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों ने परिवारों की खुशियां उजाड़ दी हैं। इन घटनाओं में एक 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी (BHU) रेफर किया गया है।

मैनेजर की गोली मारकर हत्या

पटना। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बलराम नगर स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में एक सुरक्षा गार्ड ने अपने ही मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पटना (बिहार) निवासी अभिषेक शर्मा के रूप में हुई है। ​वारदात सोमवार दोपहर करीब 1:45 बजे की है। आरोपी गार्ड रवींद्र हुड्डा पिछले कुछ दिनों से अवकाश की मांग कर रहा था। बताया जा रहा है कि अभिषेक शर्मा ने जब छुट्टी देने से इनकार किया, तो दोनों के बीच तीखी बहस हुई। आवेश में आकर रवींद्र ने अपनी डबल बैरल राइफल से मैनेजर के सीने में गोली दाग दी। बैंक परिसर में फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी अपने एक साथी के साथ हथियार लहराते हुए फरार हो गया।

पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़

पटना। जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक थाना क्षेत्र के दियारा इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। एसटीएफ (STF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात अपराधी के पैर में गोली लगी है, जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर कुल तीन बदमाशों को दबोच लिया है। घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।