Bihar Top News Today 17 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 17 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

कांग्रेस का प्रदर्शन

पटना। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग और विधायकों की अनुपस्थिति ने बिहार की राजनीति में अलग ही मोड लिया है। महागठबंधन के चार विधायकों, जिनमें कांग्रेस के तीन और राजद के एक विधायक शामिल हैं, द्वारा मतदान का बहिष्कार करने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को पटना स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।

रसोई गैस के लिए हाहाकार

रोहतास। ईरान-इजराइल के बीच जारी युद्ध की वजह से बिहार समेत पूरे देश में LPG की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। सासाराम में भी रसोई गैस की कमी होने से लोगों को परेशानी बढ़ती दिख रही है। सुबह-सुबह गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जहां घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्ग और महिलाओं को हो रही है, जिन्हें लाइन में खड़े रहने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हार के लिए तेजस्वी खुद जिम्मेदार

पटना। बिहार राज्यसभा चुनाव में राजद की हार और कांग्रेस के 3 विधायकों के वोट नहीं करने को लेकर प्रदेश में सियासी भूचाल मचा हुआ है। वहीं, अब चुनाव में वोट नहीं करने वाले कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास और सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने राज्यसभा चुनाव में वोट नहीं देने के पीछे की असली वजह बताई है।

हेड क्लर्क रंगेहाथ गिरफ्तार

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया है। टीम ने कल्याणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में तैनात हेड क्लर्क रवि कुमार चतुर्वेदी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य केंद्र परिसर के पास ही अंजाम दी गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। ​हैरानी की बात यह है कि आरोपी हेड क्लर्क किसी बाहरी व्यक्ति से नहीं, बल्कि अपने ही विभाग के एक सेवानिवृत्त चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी से पैसे मांग रहा था। पीड़ित कर्मचारी भरत ठाकुर हाल ही में रिटायर हुए थे। उनके रिटायरमेंट के बाद मिलने वाले फंड और बकाया राशि के भुगतान की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रवि चतुर्वेदी लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।

अवैध लॉटरी प्रेस पर छापा

पटना। सिटी के बाईपास थाना क्षेत्र अंतर्गत पैजावा इलाके में एसटीएफ और बिहार पुलिस ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध लॉटरी के काले कारोबार का पर्दाफाश किया है। एक रिहायशी मकान में गुपचुप तरीके से चल रहे इस प्रिंटिंग प्रेस पर छापेमारी कर पुलिस ने करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के अवैध लॉटरी कूपन और टिकट बरामद किए हैं। ​पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पैजावा में एक साधारण दिखने वाली बिल्डिंग के भीतर बड़े पैमाने पर गैरकानूनी गतिविधियां चल रही हैं। योजनाबद्ध तरीके से जब एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम ने वहां दबिश दी, तो परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घेराबंदी कर भागने की कोशिश कर रहे 18 लोगों को हिरासत में लिया है।

महिला सिपाही की संदिग्ध मौत

मुजफ्फरपुर। जिले के पारू थाने में तैनात 2022 बैच की महिला सिपाही प्रीति कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रीति का शव थाने के पास स्थित उनके निजी किराए के मकान में मिला। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है।

​भागलपुर में पानी की किल्लत

भागलपुर। जिले में गर्मी की दस्तक के साथ ही जलस्तर गिरने लगा है। जगदीशपुर प्रखंड के वार्ड संख्या-8 में पेयजल की समस्या ने अब विकराल रूप ले लिया है। यहां के ग्रामीण पिछले कई दिनों से पानी की एक-एक बूंद के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

बालू माफिया से पुलिस की मुठभेड़

पटना। राजधानी के पालीगंज अनुमंडल में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर बालू माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। यह हिंसक झड़प सोमवार देर रात रानीतालाब थाना क्षेत्र के धनराज छपरा बालू घाट पर हुई। स्थिति को नियंत्रित करने और आत्मरक्षा के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।

तीन घरों में चोरी

मुजफ्फरपुर। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजी घटना काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के मिश्रा टोला (वार्ड नंबर-29) की है, जहां एक शातिर चोर ने सुबह-सवेरे तीन घरों में हाथ साफ कर सनसनी फैला दी। इस पूरी वारदात की तस्वीर पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोर साइकिल पर सवार होकर रेकी करता नजर आ रहा है। ​घटना के संबंध में पीड़ित डॉक्टर नवीन कुमार ने बताया कि वह हर रोज की तरह सुबह करीब 6 बजे टहलने के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी बीच घात लगाए बैठा अज्ञात चोर उनके घर में दाखिल हो गया। चोर ने घर से मोबाइल फोन, पर्स और बाइक की चाबी चोरी कर ली। पर्स में ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और बाइक के जरूरी कागजात रखे थे, जिन्हें लेकर चोर रफूचक्कर हो गया।

बदमाश एनकाउंटर में ढेर

मोतिहारी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुआ है। सोमवार की देर रात को हुए इस मुठभेड़ में तीन लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक जवान भी शहीद हो गया। वहीं, दो बदमाश मारे गए। वहीं, कुछ बदमाशों के फरार होने की भी सूचना है। पूरा मामला चकिया थाना क्षेत्र के रामडीहा गांव की है। बता दें कि मुठभेड़ में ढेर हुए कुख्यात ने एसएचओ को फोन कर पुलिस वालों की लाशें बिछा देने की धमकी दी थी।
मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों की पहचान कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे के रूप में की गई है। दोनों चकिया थाना क्षेत्र के ही निवासी थे। इन दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत पहले से ही कई मामले दर्ज थे। वहीं, शहीद एसटीएफ जवान की पहचान श्रीराम यादव के रूप में हुई।