Bihar Top News Today 19 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 19 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

​समृद्धि यात्रा में सब्जी की लूट

मुंगेर। ​बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के चौथे चरण के तहत गुरुवार को मुंगेर और लखीसराय पहुंचे। जहां एक तरफ सीएम विकास का संदेश दे रहे थे, वहीं उनके जाते ही कार्यक्रम स्थल पर अराजकता का माहौल बन गया। कृषि विभाग द्वारा सब्जियों से की गई भव्य सजावट चंद मिनटों में गायब हो गई।

अनंत सिंह को मिली जमानत

पटना। पटना हाईकोर्ट ने मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को जमानत दे दी है। अनंत सिंह को यह जमानत जस्टिस आर.पी. मिश्रा ने सभी पक्षों को सुनने के बाद दी है। उन्हें यह जमानत दुलारचंद यादव हत्याकांड में मिली है, जिनकी बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान हत्या कर दी गई थी। उनकी हत्या का आरोप अनंत सिंह पर लगा था, जिसके बाद से वह बेऊर जेल में बंद थे। वहीं, अब उन्हें इस मामले में जमानत मिल गई है। वह जल्द ही जेल से बाहर आ सकते हैं।

सिलेंडर संकट पर कांग्रेस का प्रदर्शन

पटना‌। राजधानी में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत और आसमान छूती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। गुरूवार को इनकम टैक्स गोलंबर पर भारी संख्या में जुटे कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने न केवल जमकर नारेबाजी की, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।

अनंत सिंह के समर्थक को जान से मारने की धमकी

पटना। बिहार की राजनीति और अपराध के गलियारों में एक बार फिर सरगर्मी बढ़ गई है। मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह और सोनू गैंग के बीच की अदावत अब वीडियो वार तक पहुंच गई है। हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में गैंगस्टर सोनू ने अनंत सिंह के एक समर्थक को न केवल जान से मारने की धमकी दी, बल्कि सीधे तौर पर बाहुबली विधायक को भी चुनौती दे डाली।

मांझी बोले- नीतीश जो कहते वही करते हैं

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने सधे हुए अंदाज और चौंकाने वाले फैसलों के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में समृद्धि यात्रा के दौरान उन्होंने कुछ ऐसा किया जिससे राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे हैं? ​पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और हम संरक्षक जीतन राम मांझी ने नीतीश कुमार के व्यवहार पर मुहर लगाई। मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार की कथनी और करनी में अंतर नहीं होता। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए याद दिलाया कि नीतीश कुमार ने ही उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचाया था। मांझी का यह बयान सम्राट चौधरी को लेकर लगाई जा रही अटकलों को और मजबूती प्रदान करता है।

मोनिका मनी ने थामी जेजेडी की कमान

मुजफ्फरपुर। जिले की ब्यूटी क्वीन मोनिका मनी की राजनीति में एंट्री ने बिहार के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। 2017 में मिसेज इंडिया का खिताब जीतने वाली मोनिका ने लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) का दामन थाम लिया है। ​मुजफ्फरपुर की मूल निवासी मोनिका मनी की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक मोनिका की शादी महज 20 साल की उम्र में 2009 में हो गई थी। तीन बच्चों की मां होने के बावजूद, उन्होंने अपने पैशन को नहीं छोड़ा। सहेलियों के प्रोत्साहन पर उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा और 2017 में मिसेज इंडिया बनकर सबको चौंका दिया। आज वह एक सफल उद्यमी के रूप में भी अपनी पहचान बना चुकी हैं।

UGC प्रदर्शन का अजीब नजारा

पटना। राजधानी की सड़कों पर बुधवार को उस समय अजीबोगरीब स्थिति देखने को मिली, जब हजारों लोग UGC रेगुलेशन और आरक्षण की मांग को लेकर राजभवन मार्च पर निकले। आइसा और जय भीम जैसे संगठनों के बैनर तले जुटे इस प्रदर्शन में भीड़ तो बड़ी थी, लेकिन मकसद को लेकर भारी भ्रम दिखा। हैरानी की बात यह रही कि प्रदर्शन में शामिल अधिकतर लोगों को यह तक नहीं पता था कि UGC क्या है।

​औरंगाबाद में चार घरों में चोरी

​औरंगाबाद। जिले के फेसर थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में बुधवार की रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। बेखौफ अपराधियों ने एक के बाद एक चार घरों को अपना निशाना बनाया और लगभग छह लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

विधायकों पर गिरेगी गाज

पटना। ​बिहार की राजनीति में राज्यसभा चुनाव के नतीजों ने एक बार फिर महागठबंधन के उम्मीदवार की हार के बाद कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाते हुए अपने तीन विधायकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। पार्टी की अनुशासन समिति ने इन विधायकों से दो दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। ​प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव के अनुसार, 16 मार्च 2026 को हुए मतदान में विधायक मनोहर प्रसाद सिंह, सुरेन्द्र प्रसाद और मनोज विश्वास नदारद रहे। पार्टी का स्पष्ट मानना है कि इन विधायकों की जानबूझकर की गई अनुपस्थिति ही महागठबंधन की हार की मुख्य वजह बनी।

छात्र नेता की सरकार को चेतावनी

पटना। बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। छात्र हितों के लिए मुखर रहने वाले चर्चित छात्र नेता दिलीप कुमार ने दारोगा भर्ती और बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो छात्र चुप नहीं बैठेंगे और सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।