Bihar Top News Today 23 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 23 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

4 महीने बाद जेल से बाहर आए अनंत सिंह

पटना। बिहार की राजनीति के कद्दावर और बाहुबली नेता अनंत सिंह करीब 4 महीने बाद पटना की बेऊर जेल से रिहा हो गए हैं। दुलारचंद हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद जब वे जेल से बाहर निकले, तो उनके समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। अनंत सिंह अपनी मशहूर लैंड क्रूजर में सवार होकर निकले, जिसके पीछे 50 से अधिक गाड़ियों का लंबा काफिला चल रहा था। ​जेल से निकलते ही अनंत सिंह सीधे अपने विधायक आवास पहुंचे। वहां समर्थकों ने देखो-देखो कौन आया, शेर आया, शेर आया और जेल के ताले टूट गए, छोटे सरकार छूट गए जैसे नारों से आसमान गुंजा दिया। पूरे आवास को फूल-मालाओं से भव्य तरीके से सजाया गया था और बाहुबली नेता की घर वापसी की खुशी में जमकर आतिशबाजी की गई।

इंटरकास्ट मैरिज के बाद युवक की हत्या

मुजफ्फरपुर। जिले से एक मामला सामने आया है, जहां अंतरजातीय विवाह करने वाले एक युवक, अमित कुमार पाण्डेय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जहां पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मान रही है, वहीं मृतक के परिजनों ने इसे सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या करार दिया है। ​घटना की जानकारी तब हुई जब 19 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे मृतक के भाई, गौतम कुमार पाण्डेय को एक अनजान नंबर से फोन आया। सूचना मिलते ही परिजन वैशाली के मांगनपुर गांव से मुजफ्फरपुर के भीखनपुरा स्थित महाराणा नगर (रोड नंबर-05) पहुंचे। वहां पता चला कि पुलिस अमित को अस्पताल ले जा चुकी है।

सेकेंड डिविजन आने पर मौत को लगाया गले

मुजफ्फरपुर/सरैया। सोमवार को बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम जारी हुआ। जहां कई घरों में कामयाबी का जश्न मनाया जा रहा था, वहीं मुजफ्फरपुर के सरैया से एक ऐसी खबर आई जिसने सबको झकझोर कर रख दिया। कम अंक आने के सदमे और प्रतिस्पर्धा के दबाव में एक 18 वर्षीय छात्रा ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। ​घटना सरैया थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव की है। मृतका की पहचान अल्पना रानी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अल्पना पढ़ाई में काफी मेधावी थी और उसे खुद से बहुत उम्मीदें थीं। उसने अपने चचेरे भाई को भी चुनौती दी थी कि वह प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होगी। लेकिन जब परिणाम घोषित हुआ और अल्पना ने खुद को द्वितीय श्रेणी में पाया, तो वह इस मानसिक दबाव को झेल नहीं सकी।

बाइकों की भीषण भिड़ंत, दो की मौत

गया। जिले में सोमवार की सुबह रफ्तार का कहर दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का मातम लेकर आया। चंदौती थाना क्षेत्र के केवाली गांव के समीप दो बाइकों के बीच हुई सीधी और भीषण भिड़ंत में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह हादसा इतना भयावह था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि आवाज दूर तक सुनाई दी। ​मिली जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे की है। केवाली गांव के पास मोड़ पर दोनों बाइकें काफी तेज गति में थीं और आमने-सामने से टकरा गईं। हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान धरमपुर गांव निवासी अक्षय कुमार उर्फ कारू (22 वर्ष), पिता जितेंद्र चौधरी और पंचानपुर थाना क्षेत्र के बेलमा गांव निवासी सुभाष कुमार (25 वर्ष), पिता भोली साव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक शादीशुदा थे और अपने परिवार के मुख्य आधार थे। उनकी असामयिक मृत्यु से उनके पीछे बिलखते परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

गन पॉइंट पर लाख की लूट

पटना। बिहार की राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार को शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार पाटलीपुत्र थाना अंतर्गत अल्पना मार्केट के पास हथियारबंद अपराधियों ने एक निजी कंपनी के कलेक्शन एजेंट को निशाना बनाया। अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में एजेंट को घेरकर गन पॉइंट पर लिया और महज कुछ ही मिनटों में 20 लाख रुपए से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। ​जानकारी के मुताबिक, पीड़ित पंकज कुमार रेडिएंट कैश मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में मनी कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत हैं। सोमवार को वह साईं मंदिर इलाके से भारी मात्रा में कैश कलेक्ट कर उसे बोरिंग रोड स्थित सेंट्रल बैंक में जमा करने जा रहे थे।
​जैसे ही पंकज अल्पना मार्केट वाली पतली गली में दाखिल हुए, पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। एजेंट ने बताया कि अपराधी दो मोटरसाइकिलों पर सवार थे और उनकी कुल संख्या चार थी। एक बाइक ने सामने से रास्ता रोका, जबकि दूसरी बाइक ने पीछे से घेराबंदी कर दी।

पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था बिहार का नौशाद!

मुजफ्फरपुर। उत्तर प्रदेश और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जासूसी नेटवर्क का एक बड़ा खुलासा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों ने इस गैंग के तीन और सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए लोगों में बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला नौशाद अली उर्फ लालू, मथुरा की एक महिला मीरा और एक नाबालिग शामिल है। ​पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि झारखंड का प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर (देवघर) आतंकियों के निशाने पर था। नौशाद को मंदिर की सटीक GPS लोकेशन और वहां के वीडियो भेजने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इतना ही नहीं, यह गैंग बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान समेत कई VIP हस्तियों की रेकी कर रहा था और उनकी तस्वीरें भी पाकिस्तान भेजी जा चुकी थीं।

पवन सिंह की बढ़ी मुश्किलें

लाइव शो के दौरान हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव की कमर छूने के मामले में भोजपुरी सिंगर-एक्टर पवन सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। लाइव शो के दौरान स्टेज पर अंजलि राघव की कमर छूने के मामले को हरियाणा महिला आयोग ने गंभीरता से लिया है। आयोग ने भोजपुरी स्टार और अंजलि राघव को 2 अप्रैल को सुनवाई के लिए बुलाया है। हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा है कि रियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव की हमारे पास शिकायत आई है। 4 महीने पहले की घटना है। एक्ट्रेस ने बताया कि मुझे लगा मेरे कपड़े पर टैग लगा है, जिसे वे हटाने की कोशिश कर रहे हैं। रेनू भाटिया ने कहा कि ऐसी घटना पर एक्ट्रेस को चांटा मारना चाहिए था।

पति पत्नी को 15 साल की सजा

किशनगंज। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ न्यायपालिका ने एक कड़ा संदेश दिया है। जिला एवं विशेष एनडीपीएस (NDPS) अदालत ने मादक पदार्थों की तस्करी के एक गंभीर मामले में सुनवाई करते हुए एक दंपति को दोषी करार दिया और उन्हें 15-15 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। न्यायाधीश सुरेश कुमार सिंह की अदालत ने सोमवार को इस मामले में अपना ऐतिहासिक फैसला सुरक्षित रखा था, जिसे अब सार्वजनिक कर दिया गया है।

डब्लू मुखिया गिरफ्तार

लखीसराय। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की TRE-3 शिक्षक भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। काफी समय से फरार चल रहे शातिर अपराधी प्रवीण कुमार सिन्हा उर्फ डब्लू मुखिया को EOU ने पटना के करबीगहिया इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। वह इस पूरे कांड के मास्टरमाइंड संजीव मुखिया का सबसे भरोसेमंद साथी माना जाता है।

​पटना STF की बड़ी कार्रवाई

पटना। एसटीएफ ने राजधानी के दीघा इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर सोना ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कुंदन के रूप में हुई है, जो ऑर्डर लेकर लोगों को नकली सोने के गहने थमाता था। गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से सोने की 6 चेन बरामद की गई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।