Bihar Top News Today 28 february 2026: बिहार (BIHAR) में आज 28 फरवरी को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
मांझी के बिगड़े बोल
गया। जिले के एपी कॉलोनी में एक निजी स्कूल के उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शिक्षा व्यवस्था और गठबंधन की राजनीति पर खुलकर अपनी बात रखी। मांझी ने सरकारी शिक्षकों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए एनडीए के पुराने वादों की भी याद दिलाई। मांझी ने सरकारी शिक्षा की गुणवत्ता पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केवल 10 प्रतिशत शिक्षक ही ईमानदारी से काम कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों पर समय की पाबंदी न रखने का आरोप लगाया और कहा कि अधिकतर शिक्षक दोपहर 12 बजे स्कूल आते हैं और 3 बजे निकल जाते हैं। उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि सवा लाख रुपये तक वेतन पाने वाले सरकारी शिक्षकों की तुलना में कम वेतन वाले निजी स्कूलों के शिक्षक बेहतर परिणाम दे रहे हैं।
PU चुनाव बना रणक्षेत्र
पटना। यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव के दौरान पटना साइंस कॉलेज रणक्षेत्र बन गया। मतदान के बीच कैंपस में हुई फायरिंग और एक छात्र नेता की गिरफ्तारी ने स्थिति को बेहद तनावपूर्ण बना दिया है। वोटिंग के दौरान पटना साइंस कॉलेज परिसर में अचानक गोलीबारी हुई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। एसडीपीओ राजेश रंजन ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया गया है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। फिलहाल फायरिंग करने वाले की पहचान की जा रही है, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
युवक की पीट-पीटकर हत्या
रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र से प्रेम प्रसंग में हत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बराढी गांव में बीती रात एक 28 वर्षीय युवक की गांव के हीं कुछ लोगों ने निर्मम हत्या कर दी। जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मचा है। मृतक की पहचान लालबदन सिंह के 28 वर्षीय पुत्र शैलेंद्र कुमार के रूप में हुई है और घटना के बाद से गांव में मातम और तनाव का माहौल है।
दो गुटों में जमकर चले लाठी-डंडे
भागलपुर। जिले के मधुसूदनपुर थाना अंतर्गत मनियारपुर गांव में मामूली विवाद ने भीषण हिंसक रूप ले लिया। बेलखोरिया पंचायत के दो गांवों के लोग आपस में इस कदर भिड़े कि देखते ही देखते रणक्षेत्र बन गया। लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हुए इस हमले में दोनों पक्षों के करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
आरा में लाखों की चोरी
आरा। बिहार के आरा शहर में बेखौफ चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त को चुनौती दी है। टाउन थाना क्षेत्र के मछुआ टोली (वार्ड संख्या-25) में एक बंद घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर न केवल नकदी, बल्कि सोने-चांदी के भारी जेवरात भी बटोर लिए। पीड़ित मो. असरफ (निवासी इमामबाड़ा रोड) ने बताया कि वे 27 फरवरी को सपरिवार अपनी बेटी के ससुराल भभुआ गए थे। घर सूना पाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और भीतर दाखिल हो गए। घर के अंदर अलमारियों और बक्सों के लॉक तोड़कर चोरों ने 50 हजार रुपये कैश, सोने का हार, चेन, अंगूठी और कई कीमती सामान चोरी कर लिए।
कुख्यात शूटर अरेस्ट
मुजफ्फरपुर। जिले की पुलिस और बिहार STF ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए छात्र नेता पुष्कर सिंह हत्याकांड के मुख्य शूटर लोकेश कुमार उर्फ लवकुश को गिरफ्तार कर लिया है। 27 फरवरी 2026 को तकनीकी सर्विलांस और वैज्ञानिक जांच के जरिए पुलिस ने उसे दबोचने में कामयाबी पाई। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पुष्कर सिंह की हत्या किसी पुरानी दुश्मनी या जमीन विवाद के कारण नहीं, बल्कि सोशल मीडिया विवाद की वजह से हुई थी। फेसबुक पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और आपत्तिजनक छींटाकशी हुई थी। इस मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि बदमाशों ने पुष्कर की हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली।
मासूम से रेप के बाद हत्या
बांका। जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। जिलेबिया मोड़ थाना क्षेत्र में एक 2 साल की मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह घर के बाहर खेलते समय गायब हुई इस बच्ची का शव देर रात गांव के ही एक स्कूल के पास बरामद हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और मातम का माहौल है।
यूनिवर्सिटी में हाई वोल्टेज ड्रामा
पटना। यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (PUSU) चुनाव के दौरान राजधानी के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में भारी बवाल और हिंसा देखने को मिली। पटना साइंस कॉलेज परिसर में फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है और हमलावरों की तलाश जारी है। पूरे कैंपस में इस वक्त तनाव का माहौल है। चुनाव में सबसे बड़ा विवाद तब खड़ा हुआ जब आरजेडी नेता तेजप्रताप यादव के करीबी और अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रिंकल यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस जब उन्हें वीसी (VC) ऑफिस से ले जा रही थी, तब समर्थकों ने पुलिस की गाड़ी के सामने लेटकर ‘वीसी मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को रिंकल को टांगकर जबरन गाड़ी में बिठाना पड़ा। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की भी हुई।
CISF जवान का हृदयघात से निधन
वैशाली। जिले के जंदाहा प्रखंड अंतर्गत मुकुंदपुर गोपीनाथ गांव के एक जांबाज सैनिक के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। गया में (CISF) जवान के पद पर कार्यरत मुकेश कुमार सिंह (52 वर्ष) का ड्यूटी के दौरान हृदयघात होने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया है। मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार सिंह वर्तमान में गया में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बीते 26 तारीख की रात ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। जब तक उन्हें उचित उपचार मिल पाता, दिल का दौरा पड़ने के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली। 52 वर्षीय मुकेश अपने पीछे पत्नी, बच्चों और परिजनों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
विधानसभा में नोटों की बारिश
पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र का आखिरी दिन एक विवाद के साथ समाप्त हुआ। कुचायकोट से जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडे, जिन्हें ‘पप्पू पांडे’ के नाम से भी जाना जाता है, पर विधानसभा पोर्टिको में नोट उड़ाने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना ने संसदीय मर्यादा और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सत्र समाप्त होने के बाद जब विधायक पप्पू पांडे बाहर निकले, तो उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों को ‘होली की बक्शीश’ देना शुरू किया। देखते ही देखते कर्मचारियों की भारी भीड़ जुट गई। स्थिति तब और असहज हो गई जब विधायक ने हवा में 500-500 के नोट उड़ाने शुरू कर दिए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विधानसभा के कर्मचारी और यहां तक कि मार्शल भी पैसे लूटते नजर आ रहे हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


