कुंदन कुमार/पटना। मंगलवार को बिहार विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होते ही राजद (RJD) एमएलसी ने पिछले दिनों हुए विवादों को लेकर सवाल खड़े किए। देखते ही देखते पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। राजद के सदस्य सदन के बीचों-बीच (वेल) आकर सरकार विरोधी नारेबाजी करने लगे।
स्थिति अनियंत्रित होते देख सभापति ने कड़ा रुख अपनाया और विपक्षी एमएलसी को पूरे दिन की कार्यवाही के लिए सदन से निष्कासित कर दिया। इस दौरान मार्शलों को बुलाकर विपक्षी सदस्यों को सदन से बाहर निकलवाया गया।
अशोक चौधरी और सुनील सिंह के बीच तीखी झड़प
सदन के भीतर जदयू नेता अशोक चौधरी और राजद के सुनील सिंह के बीच व्यक्तिगत बहस भी देखने को मिली। अशोक चौधरी द्वारा तुम क्या हो कहे जाने पर सुनील सिंह ने आक्रोश जताया और वेल में आकर अशोक चौधरी होश में आओ के नारे लगाए।
विधानसभा में ‘भारत माता की जय’ और विपक्ष का वॉकआउट
उधर विधानसभा में माहौल तब गर्माया जब नितिन नवीन के स्वागत में ‘भारत माता की जय’ के नारे लगे। वहीं, भाकपा माले विधायक संदीप सौरभ के नेतृत्व में विपक्ष ने महिला अपराध के मुद्दे पर कार्य स्थगन प्रस्ताव पेश किया। विपक्ष का कहना था कि अन्य सभी कार्यों को रोककर केवल महिला उत्पीड़न पर चर्चा हो।
सरकार का पक्ष: विपक्ष खुद उलझन में है
हंगामे के बीच संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष को तय नियमावली के तहत मुद्दे उठाने चाहिए। उन्होंने विपक्ष के सदन से वॉकआउट करने पर चुटकी लेते हुए कहा कि विपक्षी विधायक खुद उलझन में हैं और उनका आचरण इसी भ्रम को दर्शाता है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


